क्रिकेट

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता ने फिटनेस बनाए रखने के लिए विराट और रोहित को दी अहम सलाह

टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता संजय जगदाले ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके विराट कोहली और रोहित शर्मा को फिटनेस मेंटेन करने के लिए अहम सलाह दी है।

Image

विराट कोहली और रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI X)

इंदौर: पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता संजय जगदाले का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ एक प्रारूप खेल रहे भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को मैच फिटनेस बरकरार रखने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। बीसीसीआई के पूर्व सचिव जगदाले ने कहा कि दोनों की 2027 विश्व कप में खेलने की उम्मीद उनके फॉर्म और फिटनेस पर निर्भर करेंगी।

जगदाले ने ‘पीटीआई’ से कहा,'उन्होंने सिर्फ एक प्रारूप में खेलने का फैसला लिया है और यह उनके लिए कठिन है। वे दोनों सफेद गेंद वाले क्रिकेट में शानदार रहे हैं लेकिन अगर आप नियमित रूप से नहीं खेल रहे हैं तो इससे आपका खेल प्रभावित होगा जैसा कि आईपीएल में धोनी के साथ हुआ। ब्रायन लारा और मैथ्यू हेडन के साथ भी ऐसा ही हुआ था।'

जगदाले ने कहा,'बहुत से क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, पहले जैसे नहीं रहते, यह स्वाभाविक है'। दोनों ने पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में लगभग छह महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की, लेकिन कोई ख़ास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। रोहित 14 गेंदों पर सिर्फ आठ रन बना पाए, जबकि कोहली आठ गेंदों पर शून्य पर आउट हो गए। जगदाले ने कहा,'अभी तो 50 ओवरों का क्रिकेट कम खेला जाएगा।'

उन्होंने कहा,'मैं उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलते देखना पसंद करूंगा। मैं नहीं जानता कि उनके दिमाग में क्या है लेकिन घरेलू टूर्नामेंटों में प्रतिस्पर्धा करना निश्चित रूप से उनके लिए अच्छा रहेगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!