Uttarakhand News: पड़ोसी देश नेपाल में कल यानी बुधवार 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तराखंड के सीमावर्ती चंपावत जिले में कल से ही सतर्कता बढ़ाई गई है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टनकपुर पोस्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने लोगों, यात्रियों और मछुआरों से शारदा नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की है।
नेपाल में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने नेपाल में प्रभावित राज्य के लोगों की जानकारी जुटाने और जरूरत पड़ने पर सहायता पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
USDMA के सचिव विनोद कुमार सुमन ने न्यूज एजेंसी PTI से बात करते हुए कहा,'हम आम जनता से अनुरोध करते हैं कि अगर उत्तराखंड का कोई नागरिक इस दुर्घटना में किसी भी तरह से प्रभावित हुआ है या उनके प्रभावित होने की आशंका है, तो वे तुरंत हमारे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। हम विदेश मंत्रालय (MEA) और सक्षम प्राधिकारियों के माध्यम से सही जानकारी प्राप्त करने और सहायता पहुंचाने का प्रयास कर सकेंगे।'
उन्होंने बताया कि फिलहाल हमारे पास इस संबंध में कोई कॉल या सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा,'मैं लोगों से अपील करता हूं कि इस हेल्पलाइन नंबर का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें। यदि कोई व्यक्ति प्रभावित हुआ है, तो कृपया सटीक तथ्यों के साथ हमें सूचित करें, ताकि हम समय पर आवश्यक और उचित कार्रवाई कर सकें।'
हेल्पलाइन नंबर क्या है?
- 0135-2710334
- 0135-2710335
- 0135-2664314
- 0135-2664315
- 0135-2664316
- 8218867005
- इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
नदियों के किनारे गश्त कर रही SDRF टीम
टनकपुर SDRF टीम को सतर्क किया गया है। टीम लगातार शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त कर रही है। नदी के जलस्तर और संभावित खतरे पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नदी किनारे रहने वाले अलर्ट
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार SDRF की टीम 24 घंटे जरूरी जीवनरक्षक और बचाव उपकरणों के साथ तैयार है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके।
