ऑटो न्यूज़

MG Hector Tomahawk EV : 517 KM रेंज के साथ फैमिली ट्रिप होगी फन टू ड्राइव!

प्रीमियम 7 सीटर सेगमेंट में MG ने Hector Tomahawk EV पेश कर कंपटीशन बढ़ा दिया है। 517 KM रेंज के साथ यह कार फैमिली ट्रिप्स को फन टू ड्राइव बनाएगी।

Image

एमजी ने लॉन्च की टॉमहॉक EV

MG Hector Tomahawk EV : सोचिए, पूरी फैमिली साथ है। सात लोग कार में बैठे हैं, सामान भी रखा है और सामने लंबा हाईवे है। ऐसी रोड ट्रिप में सबसे बड़ा सवाल आमतौर पर जगह और रेंज का होता है। MG ने Hector Tomahawk EV के साथ दोनों का जवाब देने की कोशिश की है। कंपनी ने नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को 7-सीटर कॉन्फिगरेशन के साथ लॉन्च किया है। 19.49 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत के साथ पेश की गई कार के लिए कंपनी ने 517 KM की रेंज क्लेम की है।

क्या हैं सबसे बड़े फीचर

Tomahawk EV 7-सीटर लेआउट के साथ करीब 192 लीटर और तीसरी रो को फोल्ड करते 528 लीटर का बूट स्पेस देती है। MG Hector Tomahawk EV में 69.2kWh की LFP बैटरी दी गई है। फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर 204hp की ताकत और 310Nm का टॉर्क पैदा करती है। कंपनी के मुताबिक यह एसयूवी 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 8.2 सेकंड में पकड़ सकती है। यानी MG ने सिर्फ लंबी दूरी पर ध्यान नहीं दिया है, बल्कि बड़ी फैमिली एसयूवी के साथ ड्राइविंग एक्सपीरियंस को भी तेज और रिस्पॉन्सिव रखने की कोशिश की है।

चार्जिंग में कितना लगेगा समय?

लंबी रोड ट्रिप के लिए सिर्फ बैटरी बड़ी होना काफी नहीं है, चार्जिंग स्पीड भी मायने रखती है। Tomahawk EV में 90kW तक डीसी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है। कंपनी के मुताबिक 30 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 35 मिनट लगते हैं। घर पर 7.4kW एसी चार्जर के जरिए चार्जिंग की जा सकती है। 10 से 100 फीसदी चार्ज होने में करीब 12.5 घंटे लगते हैं। इसके साथ 15A सॉकेट से इस्तेमाल किया जा सकने वाला पोर्टेबल चार्जर भी मिलता है। मतलब फैमिली रोड ट्रिप में लंबा ब्रेक लेना पड़े तो डीसी फास्ट चार्जिंग के दौरान बैटरी को अच्छी-खासी रेंज के लिए तैयार किया जा सकता है।

कीमत कितनी, कितने वेरिएंट?

MG Hector Tomahawk EV के 7-सीटर वर्जन की शुरुआती कीमत 19.49 लाख रुपये है। इसके अलावा Exclusive 7-सीटर की कीमत 21.99 लाख रुपये और Essence 7-सीटर की कीमत 23.49 लाख रुपये है। 5-सीटर मॉडल सिर्फ Essence वेरिएंट में आता है, जिसकी कीमत 22.99 लाख रुपये है। ये शुरुआती कीमतें सीमित यूनिट्स के लिए लागू हैं। कंपनी Battery-as-a-Service यानी बीएएएस विकल्प भी दे रही है। इसमें शुरुआती कीमत 13.99 लाख रुपये बताई गई है, लेकिन बैटरी के लिए 4.90 रुपये प्रति किमी का अलग रेंट देना होगा। इसलिए सिर्फ शुरुआती कीमत देखकर फैसला करने के बजाय कुल ओनरशिप कॉस्ट को देखना जरूरी होगा।

किससे होगी टक्कर?

7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी के तौर पर Hector Tomahawk EV का मुकाबला Mahindra XEV 9S और Kia Carens Clavis EV जैसी गाड़ियों से होगा। वहीं 5-सीटर वर्जन के सामने Tata Harrier EV और Mahindra XEV 9e जैसे विकल्प होंगे। MG के लिए Tomahawk EV इसलिए भी अहम है क्योंकि यह भारत में कंपनी के नए ADAPT आर्किटेक्चर पर आधारित पहला मॉडल है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article