नई दिल्ली: भारत के विश्व कप विजेता पूर्व कोच गैरी कर्स्टन ने कहा कि जिस तरह से कोच गौतम गंभीर की टीम ने इंग्लैंड के कठिन दौरे पर टेस्ट श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ कराई, उससे वह बहुत खुश हैं। कर्स्टन ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा,'मैं बहुत खुश हूं कि भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रृंखला ड्रॉ कराई और यह भारतीय क्रिकेट के लिये अच्छा है। मैं गौतम गंभीर के लिये भी बहुत खुश हूं । मैं उसे अच्छे से जानता हूं और उसने इस टीम के साथ जो हासिल किया है, मैं उससे खुश हूं। भारतीय टीम इस समय अच्छा खेल रही है । हम सभी उसकी सफलता से खुश हैं । भारत के पास अच्छे युवा खिलाड़ी हैं और उन्हें जिस तरह से सहयोग दिया जा रहा है, वह अच्छी बात है।'
2011 में कर्स्टन ने बनाया था भारत को वर्ल्ड चैंपियन
भारत ने कर्स्टन के कोच रहते 2011 विश्व कप जीता था और टेस्ट प्रारूप में शीर्ष स्थान पर भी पहुंची थी। विश्व कप विजेता टीम में गंभीर और वीरेंद्र सहवाग सलामी जोड़ीदार थे। गंभीर ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 97 रन बनाये थे। भारत के कोच के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए कर्स्टन ने कहा कि उनके कार्यकाल की मुख्य बातों में ईशांत शर्मा को नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास कराना भी था जिससे वीवीएस लक्ष्मण को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2010 में मोहाली टेस्ट जिताने में मदद मिली।
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की जीत को किया याद
उन्होंने कहा,'भारतीय टीम के साथ तीन साल के मेरे कार्यकाल में ईशांत शर्मा से नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास कराया जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 48 गेंद खेली और वीवीएस लक्ष्मण ने वह मैच जिताया।' जीत के लिये 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने आठ विकेट 124 रन पर गंवा दिये थे लेकिन लक्ष्मण (73 नाबाद) ने ईशांत (31) और फिर प्रज्ञान ओझा के साथ मिलकर भारत को एक विकेट से जीत दिलाई ।
