देश

इधर GTA-6 पर PM मोदी का आया पोस्ट, उधर कांग्रेस ने सुना दी 'अपराधी जोड़ी' की कहानी!

GTA-6 Games: कांग्रेस ने पीएम मोदी पर जीटीए-6 को लेकर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंच बनाने की बेताब कोशिश में सोशल मीडिया पर जीटीए-5 और जीटीए-6 की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (दाएं) और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (बाएं) (फाइल फोटो)

GTA-6 Games: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुप्रसिद्ध वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' (GTA-6) का उल्लेख किए जाने पर गुरुवार को तंज कसते हुए कहा कि पीएम द्वारा ऐसा करना उचित ही है, क्योंकि इस वीडियो गेम में एक 'अपराधी जोड़ी' की कहानी दिखाई गई है।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर इस गेम का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने 'जीटीए-5 और जीटीए-6 के बीच, यह है कैसे' शीर्षक से 10 स्लाइड साझा कीं। इन स्लाइड के माध्यम से पीएम मोदी ने वर्ष 2013 में जारी वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5' और अब जारी हुए इसके अगले संस्करण 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' के बीच भारत में विकास कार्यों के संदर्भ में तुलना की।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पीएम की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए 'एक्स' पर कहा, ''प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंच बनाने की बेताब कोशिश में सोशल मीडिया पर जीटीए-5 और जीटीए-6 की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं।'' उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ''याद कीजिए कि यह वीडियो गेम एक अपराधी जोड़ी की कहानी पर आधारित है। कितनी उपयुक्त बात है।''

रॉकस्टर गेम्स के GTA-6 का बढ़ रहा क्रेज

'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' एक एक्शन-एडवेंचर वीडियो गेम है, जिसे रॉकस्टार गेम्स ने विकसित है। इसकी गुरुवार को दुनिया भर में शुरुआत हुई। इसके साथ ही 2013 में जारी 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5' के बाद इस लोकप्रिय गेम शृंखला की अगली कड़ी सामने आई है।

'नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू'

कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, क्योंकि नोटबंदी के जरिए आम आदमी की कमाई और आजीविका पर चोट की गई थी, जबकि अब वोटबंदी के जरिए उसके लोकतांत्रिक अधिकार और आवाज को निशाना बनाया जा रहा है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि सत्ता के अहंकार में पहले जनता की कमाई और आजीविका पर चोट की गई थी और अब उसके वोट तथा आवाज पर चोट हो रही है। उन्होंने कहा, ''नोटबंदी और वोटबंदी, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। तब सत्ता के अहंकार में जनता की कमाई और आजीविका पर चोट हुई थी, अब उसके वोट और आवाज पर चोट हो रही है।''

रमेश ने आरोप लगाया कि वोट चोरी केवल चुनाव में गड़बड़ी का मामला नहीं है, बल्कि यह पीएम मोदी और गृह मंत्री की 'जुगलबंदी' के जरिये जनता के अधिकार, उसकी आवाज और सरकार को जवाबदेह बनाने की ताकत पर बड़ा हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में गरीबों, मजदूरों, किसानों, वंचितों, सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों, युवाओं और मध्यम वर्ग के पास अपनी बात मनवाने का सबसे बड़ा हथियार उनका वोट है। इसी के जरिए जनता सरकारों को अपनी नीतियों और उनके परिणामों के लिए जवाबदेह बनाती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article