बिजनेस

Gold-Silver निवेशकों में भगदड़, DSP ने शुरू की खरीदारी, क्यों लगाया उल्टा दांव?

एक तरफ जहां तमाम निवेशक गोल्ड और सिल्वर से निकलने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि दोनों की कीमती धातुओं ने पोर्टफोलियो को कबाड़ बना दिया है। वहीं, दिग्गज म्यूचुअल फंड हाउस DSP ने खरीदारी का फैसला किया है।

Image

गोल्ड सिल्वर क्रैश के बीच फंड हाउस को दिखा मौका

Gold Silver Crash DSP Mutual Fund Gold Buying : सोने और चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट से जहां निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी में हाई से 60% से ज्यादा की गिरावट आई है। लेकिन बाजार में मची इस भगदड़ के बीच एक बड़े म्यूचुअल फंड हाउस ने सोने और चांदी में खरीदारी शुरू कर दी है। यह फंड हाउस है DSP Mutual Fund, जिसने कीमतों में गिरावट के साथ निवेश बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। आखिर DSP को सोने-चांदी पर भरोसा क्यों है और निवेशकों को इस समय क्या करना चाहिए?

गोल्ड-सिल्वर में कितनी आई गिरावट?

गोल्ड और सिल्वर लगातार दबाव में है। बुधवार को MCX पर दिसंबर 2026 के गोल्ड फ्यूचर का भाव 2,600 रुपये गिरकर 1,31,621 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी का दिसंबर फ्यूचर 5,400 रुपये टूटकर 1,64,309 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 3,736 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया। कारोबार के दौरान इसने 3,734.76 डॉलर लो छुआ, जो सितंबर 2025 के बाद का निचला स्तर था। इस तरह हाई से गोल्ड-सिल्वर में क्रमश 25 और 60 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।

गिरावट में DSP Mutual Fund ने क्यों शुरू की खरीदारी?

बाजार में जारी बिकवाली के बीच DSP Mutual Fund ने 17 नवंबर से सोने और चांदी में चरणबद्ध खरीदारी शुरू कर दी है। DSP Multi Asset Omni Fund of Funds ने 18 नवंबर को जारी अपने 'Signals & Stance' नोट में इसकी जानकारी दी है।

फंड हाउस के मुताबिक, फरवरी 2026 में फंड लॉन्च होने के बाद से ही उसने गोल्ड और सिल्वर में बेंचमार्क के मुकाबले कम निवेश रखा था। इस फंड का बेंचमार्क गोल्ड में 15% और सिल्वर में 5%, यानी कुल 20% निवेश का प्रावधान रखता है। लेकिन फंड ने करीब 10% निवेश गोल्ड ETF में किया था और सिल्वर ETF में हिस्सेदारी लगभग शून्य रखी थी।

अब DSP का कहना है कि गोल्ड और सिल्वर में अंडरवेट पोजीशन धीरे-धीरे कम करने का समय आ गया है। इसके लिए फंड ने एक नियम-आधारित खरीदारी रणनीति बनाई है। इसका मकसद बाजार का सबसे निचला स्तर पकड़ना नहीं, बल्कि कीमतों में गिरावट के साथ व्यवस्थित तरीके से निवेश बढ़ाना है।

DSP को सोने में 15% और चांदी में 28% डिस्काउंट दिखा

DSP की खरीदारी रणनीति के पीछे सबसे अहम वजह उसका अपना वैल्यूएशन मॉडल है। फंड हाउस ने अपनी रिपोर्ट में सोने की उचित कीमत 4,484 डॉलर प्रति औंस आंकी है। रिपोर्ट में इस्तेमाल किए गए 3,799.8 डॉलर के संदर्भ भाव के मुकाबले सोना करीब 15.3% डिस्काउंट पर था।

चांदी के मामले में DSP को और बड़ा डिस्काउंट नजर आया। फंड हाउस ने चांदी की उचित कीमत 64 डॉलर प्रति औंस आंकी, जबकि उसका संदर्भ भाव 46 डॉलर था। इस हिसाब से चांदी अपने अनुमानित उचित मूल्य से करीब 28.4% नीचे थी।

DSP का कहना है कि वह वैल्यूएशन के मुकाबले कम कीमत पर खरीदारी करना चाहता है। हालांकि, फंड हाउस को अभी इससे भी बड़ा डिस्काउंट पसंद आएगा। इसलिए खरीदारी आक्रामक तरीके से करने के बजाय चरणबद्ध रखी गई है।

गोल्ड-सिल्वर खरीदने के लिए क्या है DSP का प्लान?

DSP ने सोने और चांदी दोनों के लिए अलग-अलग प्राइस लेवल तय किए हैं। चांदी में 47 डॉलर प्रति औंस से कुछ नीचे के भाव पर पोर्टफोलियो का 0.5% निवेश शुरू किया है। इसके बाद चांदी में हर 2 डॉलर की गिरावट पर अतिरिक्त 0.5% निवेश किया जाएगा। कीमत 42 डॉलर से नीचे जाने पर खरीदारी की रफ्तार बढ़ाते हुए एकमुश्त अतिरिक्त 0.5% निवेश का भी प्रावधान है। DSP के मुताबिक, चांदी का भाव 47 डॉलर से गिरकर 37 डॉलर तक आता है तो इस रणनीति के तहत कुल अतिरिक्त निवेश 5% तक पहुंच सकता है।

सोने में करीब 3,850 डॉलर प्रति औंस पर पोर्टफोलियो का 0.5% निवेश शुरू किया गया है। इसके बाद हर 100 डॉलर की गिरावट पर अतिरिक्त 0.5% निवेश किया जाएगा। फंड ने 3,800 डॉलर, 3,700 डॉलर और 3,600 डॉलर जैसे अगले स्तरों पर खरीदारी की योजना बनाई है। इस रणनीति के जरिए DSP गिरते बाजार में खरीदारी करना चाहता है, न कि कीमतें बढ़ने के बाद तेजी का पीछा करना।

खरीदारी से पहले इन बातों पर भी नजर रख रहा है DSP

फंड हाउस ने सोने और चांदी में भरोसे की पांच प्रमुख वजहें बताई हैं। इनमें सबसे अहम वैल्यूएशन के अलावा केंद्रीय बैंकों, ज्वेलरी और ETF की मांग है। DSP के मुताबिक, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी फिलहाल स्थिर है, जबकि ETF की मांग मजबूत बनी हुई है। ज्वेलरी की मांग कमजोर रही है, लेकिन कीमतों में सुधार के बाद इसके स्थिर होने की उम्मीद है।

इसके अलावा फंड अमेरिकी डॉलर में आगे बहुत ज्यादा मजबूती की संभावना नहीं देख रहा है। सिल्वर के लिए गोल्ड-सिल्वर रेशियो भी एक अहम संकेत है। DSP के मुताबिक, यह अनुपात करीब 83 था और उसने 82 के स्तर के आसपास चांदी में खरीदारी शुरू की है।

हालांकि, भारत में गोल्ड और सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी भी एक महत्वपूर्ण फैक्टर है। DSP के मुताबिक, 13 मई 2026 को प्रभावी इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% की गई थी। अगर इसमें कटौती होती है तो घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतें और ETF के NAV नीचे आ सकते हैं। ऐसी स्थिति में फंड हाउस खरीदारी तेज करने पर भी विचार कर सकता है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article