क्रिकेट

फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली के समर्थन में आए आरसीबी के पूर्व कप्तान फॉफ डुप्लेसी

आरसीबी के पूर्व कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली का समर्थन करते हुए कहा है कि वो जानते हैं बुरे दौर से कैसे उबरना है।

Image

विराट कोहली

Photo : AP

केपटाउन: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने बुधवार को कहा कि विराट कोहली संघर्ष के दौर को पीछे छोड़ने के लिए बेताब होंगे और भारत का यह शीर्ष बल्लेबाज फॉर्म में लौटने में सक्षम है। हाल में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान कोहली का प्रदर्शन बहुत खराब रहा जिसमें उन्होंने पर्थ में पहले टेस्ट में नाबाद शतक के साथ शुरुआत करने के बावजूद पांच टेस्ट मैचों में 23.75 की औसत से केवल 190 रन बनाए।

मजबूती से वापसी करेंगे विराट

डुप्लेसी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में साथी रहे कोहली का समर्थन करते हुए कहा कि संघर्ष के बाद वह और मजबूत होकर वापसी करेंगे और साथ ही कहा कि संन्यास लेना बहुत व्यक्तिगत चीज है। एसए20 के तीसरे सत्र के ‘कैप्टन्स डे’ के मौके पर डुप्लेसी ने पीटीआई से कहा,'यह बहुत ही व्यक्तिगत फैसला है। कोई भी आपसे यह नहीं कह सकता कि एक खिलाड़ी के तौर पर उनका खेलने का समय कब (खत्म) होगा, आपको पता चल जाएगा।'

पहले भी ऐसे दौर से उबर चुके हैं विराट

डुप्लेसी ने कहा,'मैं जानता हूं कि उनके जैसा खिलाड़ी बहुत ही प्रेरित रहता है। वह पहले भी इस दौर से गुजर चुका है इसलिए उसे पता है कि उसे क्या करना है।' डुप्लेसी (40 वर्ष) ने फिर उस दिन को याद किया जब उन्हें लगा कि टेस्ट क्रिकेटर के तौर पर उसका समय खत्म हो गया है। उन्होंने कहा,'हर खिलाड़ी के लिए यह अलग होता है। हर खिलाड़ी को इस सवाल का जवाब देना होता है। मुझे याद है कि मेरे लिए वह समय कब था।'

हर खिलाड़ी जानता है कब लेना चाहिए संन्यास

डुप्लेसी ने कहा,'मैं निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट के नजरिए से यह जानता था। मुझमें पहले जैसी भूख और जोश नहीं था और मुझे लगा कि निश्चित रूप से नए खिलाड़ियों के आने और टी20 की दुनिया में कदम रखने का सही समय था। मैं तब ऐसा करना चाहता था जबकि मुझे अब भी लगता है कि तब मैं अपने खेल के शीर्ष पर था।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article