Why Team India wearing jersey with Pakistan name in ICC Champions Trophy 2025: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल द्वारा आयोजित की जाने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर सभी टीमों ने अपनी अपनी जर्सी जारी कर दी है। भारतीय क्रिकेट टीम कैसी जर्सी पहनने वाली है इसका खुलासा सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) मीडिया डे सत्र की तस्वीरों से हुआ। जिसके बाद फैंस को रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम की चैंपियंस ट्रॉफी जर्सी की पहली झलक मिली। यह तस्वीरें भारत और बांग्लादेश के बीच दुबई में होने वाले पहले मैच से महज 48 घंटे पहले सामने आईं।
भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पर जहां बांहों पर भारतीय तिरंगे ने सभी का मन मोह लिया वहीं दूसरी ओर फैंस को जर्सी पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का नाम दिखा जिसके बाद सभी के दिमाग में ये चर्चा उठी कि अगर भारत दुबई में ही सारे मैच खेल रहा है तो फिर उनकी जर्सी पर पाकिस्तान का नाम क्यों मौजूद है। आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह
पाकिस्तान नाम की जर्सी पहनकर क्यों उतर रही है भारतीय टीम?
हालांकि भारत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में अपने सभी मैच खेलेगा, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आधिकारिक मेजबान देश पाकिस्तान है। ICC के नियमों के अनुसार, टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों की जर्सी पर टूर्नामेंट का लोगो होना अनिवार्य है। चूंकि पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार मिला है, इसलिए टूर्नामेंट के प्रतीक चिन्ह पर केवल उनका नाम है।BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने जनवरी में मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने कहा था, "चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान BCCI ICC के सभी यूनिफॉर्म संबंधी नियमों का पालन करेगा।"
भारत ने पाकिस्तान जाने से किया इनकार
बता दें कि भारत ने 2008 एशिया कप के बाद से पाकिस्तान में कोई क्रिकेट नहीं खेला है। इसी वजह से भारत ने इस मेगा इवेंट के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था। इस गतिरोध के बाद, यह फैसला किया गया कि टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेला जाएगा, जिसमें भारत अपने सभी लीग स्टेज मैच दुबई में खेलेगा। पहला सेमीफाइनल (4 मार्च) भी UAE में होगा। वहीं, फाइनल लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा, लेकिन अगर भारत फाइनल में पहुंचता है, तो यह मुकाबला दुबई में खेला जाएगा।
