क्रिकेट

IND vs SA ODI: रुतुराज गायकवाड़ को टीम इंडिया के स्क्वॉड में क्यों मिली जगह? जानें वजह

India vs South Africa ODI: रतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की दो साल बाद वनडे टीम में वापसी हुई है।

Image

रुतुराज गायकवाड़ (फोटो- BCCI)

India vs South Africa ODI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में सबसे बड़ी खबर सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ की लगभग दो साल बाद वनडे टीम में वापसी है। चोट के चलते नियमित कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर टीम का हिस्सा नहीं होंगे, जिसके चलते विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।

गायकवाड़ की वापसी में घरेलू प्रदर्शन का योगदान

घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे रुतुराज गायकवाड़ की वापसी में हाल ही में दक्षिण अफ्रीका 'ए' के खिलाफ उनका प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ। उस तीन मैचों की वनडे सीरीज में गायकवाड़ ने 117, 68 और 25 रनों की बेहतरीन पारियां खेलते हुए भारतीय टीम को 2-1 से जीत दिलाई थी और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।

शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के कारण ही गायकवाड़ की वापसी का रास्ता खुला है। हालांकि, टीम में बतौर ओपनर यशस्वी जायसवाल भी शामिल हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि गायकवाड़ को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल पाता है या नहीं। गायकवाड़ ने अपना आखिरी वनडे 19 दिसंबर 2023 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। अब तक खेले 6 वनडे मैचों में उन्होंने 1 अर्धशतक की मदद से 115 रन बनाए हैं। इसके अलावा, वह टी20 फॉर्मेट में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक शतक सहित 633 रन बना चुके हैं।

दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में बीसीसीआई ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण चुना है। केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि ऋषभ पंत दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में हैं।

दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article