क्रिकेट

Sri Lanka T20 Squad: टी20 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका की फाइनल टीम का ऐलान, चोटिल मलिंगा को भी मिली जगह

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले श्रीलंका ने अपनी फाइनल टीम का एलान कर दिया है। 15 सदस्यीय टीम में चोटिल तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा को भी शामिल किया गया है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान मलिंगा के कंधे में चोट लग गई थी। वह इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच से बाहर भी हो गए थे। इसके बावजूद उन्हें टीम में जगह मिली है।

Image

श्रीलंका की फाइनल टी20 वर्ल्ड कप टीम घोषित। फोटो- ICC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है, जिससे ठीक पहले सह-मेजबान श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा चोटिल हो गए हैं। वह मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 के तीसरे मैच से बाहर हो गए। हालांकि, मलिंगा को टी20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित फाइनल टीम में जगह दी गई है।

24 वर्षीय सीमर को रविवार को पल्लेकेले में इंग्लैंड से हार के दौरान चोट लगी थी। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की प्रेस रिलीज में कहा गया, 'मलिंगा सोमवार को कोलंबो लौटेंगे। इसके बाद उनकी चोट की जांच की जाएगी और फैसला लिया जाएगा कि आगे क्या करना है। मलिंगा की कंधे की हड्डी खिसकने के कारण कभी तकलीफ हो रही थी।'

गेंदबाजी रैंकिंग में लगातार सुधार

ईशान मलिंगा ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। वह गेंदबाजी रैंकिंग में तेजी से ऊपर चढ़े हैं। 2025 में इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार डेब्यू करने के बाद, मलिंगा को नवंबर में इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला। उन्होंने अपने करियर में आठ टी20 मुकाबलों में 8 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 17.1 का रहा है।

शनाका को बनाया कप्तान

श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी वर्ल्ड कप टीम फाइनल कर दी है।15 सदस्यीय खिलाड़ियों में ईशान मलिंगा का भी नाम शामिल है। दासुन शनाका को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। श्रीलंका फाइनल टीम घोषित करने वाली पहली टीम बन गई है।

श्रीलंका के ग्रुप स्टेज के मैच:-

8 फरवरी: बनाम आयरलैंड, कोलंबो

12 फरवरी: बनाम ओमान, पल्लेकेले

16 फरवरी: बनाम ऑस्ट्रेलिया, पल्लेकेले

19 फरवरी: जिम्बाब्वे के खिलाफ, कोलंबो

श्रीलंका की टी20 विश्व कप 2026 के लिए फाइनल टीम:-

दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, पवन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालेज, महेश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा

(इनपुट-आईएएनएस)

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article