ENG vs PAK Test Series: इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। बर्मिंघम में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। 130 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही लेकिन जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने पारी संभाल ली।
पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड का क्लीन स्वीप
चौथे दिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड को झटका दिया। मोहम्मद अब्बास ने दोनों ओपनर बेन डकेट और एमिलियो गे को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 2 रन कर दिया। इसके बाद कप्तान जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद शतकीय साझेदारी की और दोनों ने अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिला दी। यह इस सीरीज में रूट का दूसरा अर्धशतक था। इससे पहले उन्होंने लीड्स टेस्ट में भी फिफ्टी लगाई थी।
जो रूट ने कप्तानी में किया कमाल
न्यूजीलैंड सीरीज के बाद बेन स्टोक्स के संन्यास लेने के बाद जो रूट ने दोबारा कप्तानी संभाली और पहली ही सीरीज में टीम को क्लीन स्वीप करा दिया। जीत के बाद रूट ने कहा, "शुरुआत में अगर कोई कहता कि हम 130 रन चेज करेंगे तो हम मान लेते। इतने शोर और मुश्किलों के बाद 3-0 से जीतना शानदार है। यह स्टीफन फ्लेमिंग के साथ एक नए युग की शुरुआत है, लेकिन हम ब्रेंडन और बेन के योगदान को नहीं भूल सकते।" इस जीत से पहले इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया में एशेज में 4-1 और घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से हार झेलनी पड़ी थी।
WTC पॉइंट टेबल में कैसी है स्थिति
इस सीरीज जीत के बाद इंग्लैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारी है। इंग्लैंड का प्वाइंट परसेंटेज (PCT) अब 38.54 हो गया है और टीम छठे स्थान पर बनी हुई है। दूसरी तरफ पाकिस्तान की हालत खराब है। इस हार के बाद पाकिस्तान WTC टेबल में सबसे नीचे है। 9 मैचों में पाकिस्तान ने सिर्फ 2 जीते, 6 हारे और 1 ड्रॉ खेला है, उनका PCT सिर्फ 14.81 है। कप्तान बाबर आजम ने कहा, "इंग्लैंड में आकर खेलना बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के लिए मुश्किल है। हमें बैठकर अपनी गलतियों को मानना होगा और बेस्ट इलेवन पर काम करना होगा।"
