ICC Women's T20 World Cup 2026: मेजबान इंग्लैंड ने भीषण गर्मी के बीच बुधवार को लॉर्ड्स में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज को 38 रन से हराकर आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इन दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में इससे पहले कोई मैच नहीं गंवाया था।
इंग्लैंड ने 35 डिग्री सेल्सियस के तापमान में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 186 रन बनाए जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पांच विकेट पर 148 रन ही बना पाई। इंग्लैंड की तरफ से डैनी व्याट-हॉज ने 42 गेंदों में 65 रन जबकि हीथर नाइट ने 26 गेंद पर 43 रन बनाए। व्याट-हॉज ने टूर्नामेंट में अब तक 193 रन बनाए हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाईं। उसकी तरफ से चिनैल हेनरी ने 30 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। अगर वेस्टइंडीज शनिवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में आयरलैंड को हरा देता है, तो वो सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत की क्या है स्थिति?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की संभावनाओं की बात करें तो अभी उनके पास दो मुकाबले बचे हैं। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम और बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम से दो मैच खेलने हैं। टीम इंडिया को अगर सेमीफाइनल में जगह पक्की करनी है तो उसे बांग्लादेश और मुश्किल प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल जीत के रथ पर सवार है। कंगारू टीम ने अभी तक चारों मुकाबले जीते हैं। ऐसे में उसे हराना भारत के लिए मुश्किल साबित हो सकता है।
महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम के पास सबसे आसान तरीका ये है कि वो अपने बाकी बचे दोनों मुकाबले जीते। आज (25 जून 2026) भारत के सामने बांग्लादेश होगी जिसके खिलाफ उसे जीतना ही होगा। इसके बाद रविवार (28 जून) को भारत का मुकाबला शीर्ष पर चल रही ऑस्ट्रेलिया से है। अगर भारत उसको भी हरा दे तो सेमीफाइनल का टिकट पक्का है। साथ ही यह भी उम्मीद करनी होगी कि साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश अपने दोनों मैच हार जाएं, क्योंकि इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया के अलावा बाकी तीनों टीमों की उम्मीदें जिंदा हैं।
