क्रिकेट

England T20I Squad: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड के 17 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान

भारत के खिलाफ आगामी 5 मैच की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान कर दिया गया। हैरी ब्रूक की कप्तानी में 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इंग्लैंड श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए मेजबानी करेगा जिसका पहला मैच एक जुलाई को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा।

Image

इंग्लैंड की टी20 टीम (साभार-X)

इंग्लैंड ने तीन बार के विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ अगले महीने शुरू होने वाली पांच मैच की श्रृंखला के लिए सोमवार को 17 सदस्यीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की घोषणा की जिसमें ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को शामिल किया गया है। कोल्स को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का इंतजार है। कप्तान हैरी ब्रूक को कम समय में ही अलग प्रारूप के लिए तैयार होना होगा क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और आखिरी टेस्ट 25 से 29 जून तक नॉटिंघम में खेला जाएगा।

इंग्लैंड श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए मेजबानी करेगा जिसका पहला मैच एक जुलाई को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा।

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकट बोर्ड (ईसीबी) ने टी20 श्रृंखला के उन मुकाबलों का समय एक घंटा पहले कर दिया था जो दूधिया रोशनी में खेले जाने थे। टीवी पर अधिक दर्शक मिलने की उम्मीद में ऐसा किया गया है। इस तरह पहला, तीसरा और चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होंगे जबकि दूसरा और पांचवां मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेला जाएगा।

इंग्लैंड की यह टीम काफी हद तक वैसी ही है जैसी इस साल मार्च में टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ खेली थी। दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच चार जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा जबकि तीसरा मैच सात जुलाई को नॉटिंघम में होगा। चौथा और पांचवां मैच क्रमशः नौ और 11 जुलाई को ब्रिस्टल और साउथम्पटन में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज और इंग्लैंड की पुरुष टीम के मौजूदा राष्ट्रीय चयनकर्ता मार्कस नॉर्थ ने कहा, ’’जेम्स कोल्स एक शानदार खिलाड़ी हैं और उन्होंने इंग्लैंड लायंस के साथ-साथ देश-विदेश में टी20 प्रतियोगिताओं में अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है।’’

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- टूट गया वैभव के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड की टी20 टीम इस प्रकार है:

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, फिल सॉल्ट, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जोश टोंग और ल्यूक वुड।

भारत की टी20 टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article