क्रिकेट

टूट गया वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड, राजस्थान रॉयल्स के अमन राव ने रच दिया इतिहास

तेलंगाना टी20 लीग में अमन राव ने सबसे तेज शतक जड़ दिया। उन्होंने केवल 32 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। राजस्थान रॉयल्स ने अमन को 30 लाख की बेस प्राइस में खरीदा था। अमन की पहचान विस्फोटक बल्लेबाज के तौर पर होती है।

Image

अमन राव (साभार-X)

देश में इस समय वैभव सूर्यवंशी की गजब की दीवानगी है। इसके पीछे की वजह साफ है कि वैभव ना केवल एंटरटेनिंग बैटिंग करते हैं बल्कि सामने वाली टीम का मनोबल भी तोड़ देते हैं। अक्सर फैंस इस तरह की तूफानी बल्लेबाजी का खूब लुत्फ उठाते हैं। मंगलवार को तेलंगाना टी20 लीग में ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब वारंगल वॉरियर्स और मेडक फालकंस के बीच मुकाबले में अमर राव ने तूफानी शतक जड़ दिया। अमन ने चौके और छक्कों की ऐसी बारिश की, फैंस को वैभव सूर्यवंशी की याद आ गई। अमन ने वैभव सूर्यवंशी के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया जो उन्होंने पिछले सीजन आईपीएल में बनाया था। वैभव ने 35 गेंद में शतक जड़ा था, जबकि अमन ने केवल 32 गेंद में यह कारनामा कर दिया।

भारतीय टी20 लीग का सबसे तेज

अमन राव ने मेडक फालकंस के खिलाफ इस मुकाबले में भारतीय टी20 लीग का सबसे तेज शतक जड़ दिया। उन्होंने केवल 32 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। अमन राव ने 48 गेंद में 12 चौके और 13 छक्के की मदद से 142 रन की पारी खेली। उनकी इस दमदार पारी के दम पर वारंगल वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं अमन

अमन राव राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्हें राजस्थान ने 30 लाख की बेस प्राइस में अपने साथ जोड़ा था। हालांकि, उन्हें अब तक आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में अमन की पारी देखकर फैंस कह रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी का जोड़ीदार मिल गया।

कौन हैं अमन राव पेराला

21 वर्षीय अमन दाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं जिनका जन्म यूएसए के मैडिसन विस्कॉन्सिन में हुआ था। अमन ने ने 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान बंगाल की मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ 154 गेंदों में नाबाद 200 रन बनाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था। वह लिस्ट ए में दोहरा शतक लगाने वाले हैदराबाद के पहले बल्लेबाज बने थे। अमन ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान भी अपनी प्रतिभा लोहा मनवाया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में 24 रन बनाए थे। उन्होंने उस सीजन 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 234 रन बनाए और सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article