क्रिकेट

AUS vs ENG 2nd Ashes Test: क्यों मिली इंग्लैंड को गाबा में हार? हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने दिया अजीबोगरीब जवाब

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने उनकी टीम की गाबा में खेले गए डे नाइट टेस्ट में हार के बाद बेहद अजीब बयान दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

ब्रेंडन मैकुलम(Screen Grab )

ब्रिसबेन: एशेज श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों में आठ विकेट की करारी हार के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा कि जरूरत से ज्यादा अभ्यास करना टीम को भारी पड़ा। इंग्लैंड के लिए एशेज की ऐतिहासिक ट्रॉफी को हासिल करने के लिए श्रृंखला के बचे हुए तीनों टेस्ट मैचों को जीतना जरूरी है। ऐसे में मैकुलम चाहते हैं कि उनकी टीम तरोताजा होने के लिए ऑस्ट्रेलिया के किसी ‘बीच’ में अच्छे रिजॉर्ट में समय बिताए।

जरूरत से ज्यादा अभ्यास की वजह से मिली हार

मैकुलम ने ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटिश प्रसारकों को दिए साक्षात्कार में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी के चुनौतीपूर्ण हालातों पर बात की। उन्होंने कहा कि पांच मैचों की श्रृंखला के पर्थ में खेले गये पहले टेस्ट मैच में करारी हार के बाद हमारे लिए सबसे बड़ी समस्या इस दिन-रात्रि टेस्ट से पहले बहुत अधिक अभ्यास करना था। न्यूजीलैंड के इस पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने गाबा में दूसरे टेस्ट के चौथे दिन आठ विकेट की शिकस्त के बाद ऑस्ट्रेलिया के ‘7 नेटवर्क’ से कहा,'ईमानदारी से कहूं तो इस टेस्ट मैच से पहले हमने काफी अधिक तैयारी की थी। हमने पांच दिन पूरी दमखम के साथ अभ्यास किया था। ऐसे में मुझे लगता है कि कभी-कभी जब आप मुकाबले (श्रृंखला) के बीच में होते है तो सबसे महत्वपूर्ण चीज मानसिक रूप से तरोताजा महसूस करना होता है।'

खिलाड़ियों को करना चाहिए तीसरे टेस्ट से पहले आराम

मैकुलम ने कहा,'मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को बस कुछ दिन की छुट्टी चाहिए। ट्रेनिंग के तरीकों को थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है। पिछले कुछ सप्ताह काफी तनावपूर्ण रहे हैं। हम श्रृंखला में वापसी के लिए अपनी योजना को फिर से तैयार करना शुरू करेंगे।' तीसरा टेस्ट 17 दिसंबर से एडिलेड में शुरू होगा जहां ऑस्ट्रेलिया को एशेज ट्रॉफी बरकरार रखने के लिए केवल ड्रॉ की जरूरत होगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article