क्रिकेट

T20 World Cup 2026: सुपर-8 राउंड के आगाज से पहले हैरी ब्रूक ने माना इग्लैंड से ग्रुप दौर में हुई ये बड़ी भूल

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में श्रीलंका के खिलाफ रविवार को होने वाली भिड़ंत से पहले इंग्लैंड के कप्तान ने ग्रुप दौर में उनकी टीम द्वारा की गई बड़ी भूल को स्वीकार किया और सुपर-8 राउंड में इसे नहीं दोहराने के बाद कही है।

Image

हैरी ब्रूक

Photo : AP

पल्लेकल: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार को स्वीकार किया कि उन्होंने अपने ग्रुप की कुछ टीमों को कम करके आंका और कहा कि उनकी टीम अब टी20 विश्व कप के सुपर आठ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है। इंग्लैंड की टीम का ग्रुप चरण में प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा तथा उसे एसोसिएट देशों के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करना पड़ा जबकि वेस्टइंडीज ने उसे हराया था।

ग्रुप दौर में टीमों को कम आंकने की हुई भूल

नेपाल के खिलाफ एक समय इंग्लैंड की टीम हार के कगार पर पहुंच गई थी लेकिन आखिर में वह चार रन से जीत दर्ज करने में सफल रही। उसे स्कॉटलैंड और इटली के खिलाफ भी संघर्ष करना पड़ा था। इंग्लैंड रविवार को सुपर आठ के अपने पहले मैच में श्रीलंका का सामना करेगा। ब्रुक ने मैच से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,'हमारे लिए इस प्रतियोगिता की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही। हमने शायद कुछ टीमों को कम करके आंका और उन्होंने कड़ी टक्कर दी। शुक्र है कि हम पहला चरण पार करने में सफल रहे। अब हम सुपर आठ में हैं और अब हमारा मुख्य ध्यान इसी पर है।'

सुपर-8 राउंड है नई शुरुआत

उन्होंने कहा,'हम इसे अब एक नई प्रतियोगिता के रूप में देख रहे हैं। अंकों को आगे ले जाने या इस तरह की किसी भी चीज के न होने के कारण यह पूरी तरह से एक नई शुरुआत है और हम इसे इसी रूप में देख सकते हैं। अभी कुछ ही खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी आगामी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और टीम के लिए मैच जीतेंगे।'

श्रीलंका का सामना करने के लिए हैं उत्साहित

इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप की तैयारी के तौर पर इसी महीने की शुरुआत में इसी मैदान पर श्रीलंका को 3-0 से हराकर टी20 श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया था। ब्रूक ने कहा,'हमने उनके खिलाफ इस मैदान पर अच्छा प्रदर्शन किया था। यहां की परिस्थितियों से वाकिफ होने के कारण हमारा मनोबल बढ़ा है। हम श्रीलंका का सामना करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे और उन पर दबाव बनाएंगे।'

आक्रामक रुख अपनाएंगे इंग्लैंड के बल्लेबाज

ब्रुक ने यह भी स्वीकार किया कि ग्रुप चरण में उनके बल्लेबाजों ने थोड़ा अधिक सतर्क रवैया अपनाया और कहा कि वे आगे अधिक आक्रामक रुख अपनाएंगे। उन्होंने कहा,'हम बल्लेबाजी करते समय कुछ ज्यादा ही सतर्क रहे हैं। हम शायद कुछ खास परिस्थितियों में थोड़ा और साहसी हो सकते हैं और अपने निचले क्रम के बल्लेबाजों पर अधिक भरोसा रख सकते हैं।'

हम किसी भी टीम को हलके में नहीं लेंगे

श्रीलंका टीम के बारे में उन्होंने कहा,'मैंने सीखा है कि आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते, जैसा कि हमने ग्रुप चरण में किया। श्रीलंका के कुछ बल्लेबाज बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसलिए उम्मीद है कि हम पावर प्ले में कुछ विकेट ले पाएंगे। पथुम निसांका इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। अगर हम उन्हें जल्दी आउट कर सके तो यह शानदार होगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article