ENG vs WI Highlights: इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को पारी और 114 रन के अंतर से हराकर जेम्स एंडरजन को जीत के साथ विदाई दे दी। इंग्लैंड गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी केवल 136 रन पर ढेर हो गई। दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने 5 विकेट चटकाए। एटकिंसन के अलावा अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे एंडरसन ने 3 विकेट लिया। इसके साथ ही 704 विकेट के साथ उनके 22 साल के क्रिकेट करियर पर विराम लग गया।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन का खेल 6 विकेट के नुकसान पर 79 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन वेस्टइंडीज के बाकी चार बल्लेबाज मिलकर 57 रन ही जोड़ सके। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 136 रन बनाकर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने 114 रन से मुकाबला जीत लिया।
पहली पारी में भी फेल वेस्टइंडीज
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में भी इंग्लैंड गेंदबाजों के सामने धाराशायी हो गई थी और केवल 121 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। पहली पारी में भी एटकिंसन ने 45 रन देकर 7 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज की ओर से इस पारी में सर्वाधिक 27 रन मिकाइल लुईस ने बनाए।
इंग्लैंड ने पहली पारी में ली 250 रन की बढ़त
इंग्लैंड ने 121 रन के जवाब में पहली पारी में 5 बल्लेबाजों के अर्धशतकीय पारी की बदौलत 371 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 250 रन की बढ़त हासिल की। इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउली ने सर्वाधिक 76 रन की पारी खेली। क्राउली के अलावा जैमी स्मिथ ने 70, जो रूट ने 68, ओली पोप ने 57 और हैरी ब्रुक ने 50 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर से जेडन सील्स ने 4 और होल्डर और मोती ने 2-2 विकेट चटकाए। 3 मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 जुलाई से ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा।
