क्रिकेट

इंग्लैंड ने टेस्ट टीम का किया ऐलान, दो नए खिलाड़ियों को मिली जगह; पोप और क्रॉली बाहर

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट मैच के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय स्क्वाड में दो नए खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं, ओली पोप और जैक क्रॉली को टीम से बाहर कर दिया गया है। इंग्लैंड ने पहली बार विदेशी खिलाड़ी को अपना राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया है।

Image

इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट मैच के लिए टीम का ऐलान किया।

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें सन्नी बेकर और एमिलियो गे को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। पहला टेस्ट 4 जून को लॉर्ड्स में शुरू होगा। एशेज में मिली करारी हार के बाद अपनी पहली सीरीज़ में इंग्लैंड ने कुछ नए चेहरों को टीम में जगह दी है, जबकि कुछ अन्य खिलाड़ियों की वापसी हुई है। टीम की कप्तानी बेन स्टोक्स करेंगे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 1-4 से मिली हार के बावजूद अपना पद बरकरार रखा है।

ज़ैक क्रॉली की जगह एमिलियो गे

टीम से बाहर किए गए खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम ओपनर जैक क्रॉली का है। क्रॉली का खराब प्रदर्शन काफी समय से जारी है, जिसके चलते इंग्लैंड ने फिलहाल उनसे आगे बढ़ने का फैसला किया है। पिछले साल की शुरुआत से अब तक, ज़िम्बाब्वे के खिलाफ एक शतक सहित उनका औसत 34.35 रहा है। एशेज सीरीज में उन्होंने दो बार 50 से ज्यादा रन बनाए थे। उनकी जगह टीम में एमिलियो गे को जगह दी गई है।

एमिलियो ने शानदार प्रदर्शन से टीम में जगह पक्की की है। डरहम के इस ओपनर ने इस सीजन में आठ पारियों में तीन शतक जड़े हैं और उनका औसत लगभग 70 रहा है। वह बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। डकेट ने हाल ही में नॉटिंघमशायर के लिए 203 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिसके चलते टीम में उनकी जगह बनी हुई है। जेम्स रियू की भी टीम में वापसी हुई है। उन्हें पहली बार जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में बुलाया गया था।

सोनी बेकर डेब्यू के लिए तैयार

टीम में एक और खास बात रॉबिन्सन की वापसी है। हाल ही में मार्क बुचर ने रॉबिन्सन को इंग्लैंड का "सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़" बताया था। इस तेज गेंदबाज़ ने आखिरी बार 2024 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में इंग्लैंड के लिए खेला था, जहां वह चोटों से जूझते रहे थे। हालांकि, रॉबिन्सन ने काउंटी चैंपियनशिप में अपनी फिटनेस और कार्यभार को बेहतर बनाने के संकेत दिए हैं। इस टूर्नामेंट के पांच मैचों में उन्होंने कुल 147.3 ओवर गेंदबाज़ी की है। 23 वर्षीय बेकर को भी टीम में जगह मिली है। इस सीजन में उन्होंने 26.21 की औसत से कुल 14 विकेट चटकाए हैं।

एशेज सीरीज में मिली हार के मद्देनजर आत्ममंथन के दौर के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पहली बार विदेशी को अपना राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मार्कस नॉर्थ को इंग्लैंड चीफ सेलेक्टर बनाया है। 2018 के बाद से छह इंग्लिश काउंटी टीमों के लिये खेल चुके हैं और डरहम के क्रिकेट निदेशक भी रहे हैं, जहां उन्होंने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के साथ काम किया है। इंग्लैंड के पास ब्रेंडन मैकुलम जैसा विदेशी मुख्य कोच है। नॉर्थ अब ल्यूक राइट की जगह लेंगे जो तीन साल इस पद पर रहे।

पहले टेस्ट के लिये इंग्लैंड की टीम-

बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जैमी स्मिथ, जोश टंग।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article