क्रिकेट

अगस्त के लिए ICC के 'महीने के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर' चुने गए ये दो खिलाड़ी

ICC Player of the month Award for August 2024: आईसीसी के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड का ऐलान हो गया है। श्रीलंका के दुनिथ वेलालागे और हर्षिता समरविक्रमा को सोमवार को अगस्त 2024 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

Image

दुनिथ वेलालगे (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड
  • श्रीलंका के दो खिलाड़ी बने अगस्त के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर
  • दुनिथ वेलालागे और हर्षिता समरविक्रमा को अवॉर्ड

ICC Player of the Month Award: श्रीलंका के दुनिथ वेलालागे और हर्षिता समरविक्रमा को सोमवार को अगस्त 2024 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वेलालागे ने भारत के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया जबकि हर्षिता ने आयरलैंड दौरे पर प्रभावित किया।

इससे पहले सिर्फ एक बार किसी महीने में एक ही देश के दोनों पुरुष और महिला खिलाड़ियों को महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला है। इस साल जून में भारत के जसप्रीत बुमराह और उनकी हमवतन स्मृति मंधाना को महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। वेलालागे ने दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज और वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता।

वेलालागे को भारत के खिलाफ श्रीलंका के 2-0 से श्रृंखला जीतने के दौरान श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। बाएं हाथ के इस 31 वर्षीय बल्लेबाज ने नाबाद 67, 39 और दो रन की पारियां खेलने के अलावा तीसरे मैच में 27 रन देकर पांच विकेट सहित श्रृंखला में कुल सात विकेट भी चटकाए।

यह पुरस्कार शुरू होने के बाद यह पांचवां मौका है जब श्रीलंका के पुरुष क्रिकेट को यह पुरस्कार मिला है। इससे पहले एंजेलो मैथ्यूज (मई 2022), प्रबाथ जयसूर्या (जुलाई 2022), वानिंदु हसरंगा (जून 2023) और कामिंदु मेंडिस (मार्च 2024) यह पुरस्कार जीत चुके हैं। वेलालागे ने कहा कि यह पुरस्कार बहुत प्रोत्साहन देने वाला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए बहुत अच्छी खबर है और इससे मुझे बहुत संतुष्टि मिली है क्योंकि यह सम्मान मुझे एक खिलाड़ी के रूप में अच्छा काम जारी रखने और मैदान में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए अपनी टीम में योगदान देने की और ताकत देगा।’’

वेलालागे ने कहा, ‘‘आईसीसी से मिलने वाली इस तरह की मान्यता हमारे जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत अच्छी खबर है और इससे निश्चित रूप से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा।’’ दूसरी तरफ महिला पुरस्कार की दौड़ में हर्षिता ने ओर्ला प्रेंडरगास्ट और गैबी लुईस की आयरलैंड की जोड़ी को पछाड़ा। आयरलैंड दौरे पर हर्षिता एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में शतक जड़ने वाली श्रीलंका की सिर्फ तीसरी महिला क्रिकेटर बनीं।

बाएं हाथ की 26 वर्षीय बल्लेबाज हर्षिता ने दो टी20 अंतरराष्ट्रीय में 169.66 के स्ट्राइक रेट से कुल 151 रन बनाए जिसमें पहले मैच में 45 गेंद में नाबाद 86 रन की मैच विजयी पारी भी शामिल है। उन्होंने बेलफास्ट में तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 82.69 के स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए जिसमें दूसरे मैच में 105 रन की पारी भी शामिल है।

हर्षिता आईसीसी की महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनने वाली श्रीलंका की सिर्फ दूसरी क्रिकेटर हैं। श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू इस साल मई और जुलाई में दो बार यह खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article