कराची: पिछले दो साल से अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में दुनियाभर में अगर किसी बल्लेबाज का बल्ला जमकर चला है तो वो हैं पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान। रिजवान अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर लगातार पाकिस्तान को जीत दिला रहे हैं। ऐसे में वो अपनी टीम के कप्तान और सलामी जोड़ीदार बाबर आजम को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज भी बन गए हैं।
एक बार फिर पाकिस्तानी टीम बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के दम पर विश्व चैंपियन बनने के इरादे से ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगी। पिछले साल यूएई में इसी जोड़ी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 विश्व कप के आगाज से पहले पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने मोहम्मद रिजवान को बड़ी सलाह दी है।
अफरीदी ने रिजवान को दी किसी की नहीं सुनने की सलाह
शाहिद अफरीदी ने रिजवान को सलाह देते हुए कहा कि वो किसी की ना सुनें। उन्होंने कहा, 'जिस तरह की क्रिकेट इन दिनों रिजवान खेल रहे हैं उसके लिए हमें अल्लाह का शुक्रिया अदा करना चाहिए और किसी की नहीं सुनना चाहिए।' अफरीदी ने आगे कहा, मैच में टीम के लिए अच्छी शुरुआत बेहद जरूरी है और बाबर-रिजवान की जोड़ी ऐसी शुरुआत देने में सफल रही है।
