क्रिकेट

दिनेश कार्तिक ने बताया, रोहित शर्मा ने कप्तानी करियर में टीम इंडिया में छोड़ी क्या विरासत

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया के ऐलान के बाद पूर्व विकेटकीपर और कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने बताया है कि बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान छोड़ी टीम इंडिया में क्या विरासत?

Image

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि यह धाकड़ सलामी बल्लेबाज एक शानदार कप्तान रहा है,जिसने टीम को बड़े मौकों पर जीतना सिखाया और मुश्किल मैचों में खुद जिम्मेदारी लेकर नेतृत्व किया। रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। उनके नेतृत्व में टीम 2023 में वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी।

दोस्तों की तरह खिलाड़ियों से आते थे पेश

अजीत अगरकर की अगुवाई वाली भारतीय चयन समिति ने हालांकि रोहित को वनडे कप्तानी से हटा दिया और आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए युवा टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को 2027 विश्व कप के लक्ष्य के साथ इस प्रारूप का कप्तान बना दिया। दिनेश कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश में लिखा,'रोहित शर्मा, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आप एक शानदार कप्तान रहे हैं। आप रणनीति बनाने में माहिर थे लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि आप सभी के साथ दोस्त की तरह पेश आते थे और सबको सहज महसूस करवाते थे।

आपने सिखाया बड़े मौकों पर जीतने का गुर

डीके ने आगे कहा, मेरे लिए आपकी कप्तानी की सबसे बड़ी विरासत यह है कि आपने टीम को सिखाया कि कैसे बड़े मौकों पर जीतना है। कई बार हम पीछे हट जाते थे, लेकिन आपने कहा,'हमें जिम्मेदारी उठानी होगी, प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाना होगा, जोखिम लेना होगा। और आपने इस तरह की जिम्मेदारी खुद भी उठाई। आप बड़े मैचों में आक्रामक होकर खेले और इसके लिए विशेष कौशल चाहिए था। आपने बार बार ऐसा कर के दिखाया। आपकी कप्तानी में पिछले वैश्विक टूर्नामेंट में भारत सिर्फ एक मैच हारा है।'

आपने टीम को बेहतर मुकाम पर पहुंचाया

रोहित शर्मा की कप्तानी में एकदिवसीय में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम ने उनकी कप्तानी में 76 प्रतिशत (56 मैचों में से 42 जीत) मैचों में जीत दर्ज की है। कार्तिक ने लिखा, '2024 टी20 विश्व कप में अजेय अभियान, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अजेय अभियान और 2023 एकदिवसीय विश्व कप में सिर्फ एक हार वह भी फाइनल में। अपनी कप्तानी में युवा टीम ने एशिया का खिताब भी अजेय रहते हुए जीता था। आपने टीम को काफी बेहतर मुकाम पर पहुंचाया। यह उससे कहीं बेहतर है जब आपने कप्तानी संभाली थी। और यही किसी महान कप्तान की पहचान होती है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article