IPL 2024, DC vs GT: दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज रसिख सलाम दर (Rasikh Salam) को गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में एक विकेट लेने के बाद आक्रामक जश्न मनाने के लिये फटकार लगाई गई है।
बुधवार को अरूण जेटली स्टेडियम पर खेला गया मैच दिल्ली ने चार रन से जीता । इस दौरान रसिख को आईपीएल की आचार संहिता की धारा 2.5 के लेवल एक के अपराध का दोषी पाया गया जो ऐसी भाषा के इस्तेमाल या हरकत या भाव भंगिमा से संबंधित है जिससे दूसरे खिलाड़ी को उकसाया जा सकता है। रसिख ने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिये।
गौरतलब है कि आईपीएल प्रबंधन इस बार अपने नियमों के उल्लंघन को लेकर बहुत सख्त नजर आ रहा है। अब तक कई कप्तानों पर धीमी ओवर गति के चलते भारी-भरकम जुर्माना लग चुका है। वहीं अंपायर से बहस करने को लेकर विराट कोहली अपनी 50 प्रतिशत मैच फीस भी कटा चुके हैं।
