क्रिकेट

IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने तोड़ा लखनऊ सुपर जायंट्स का गुरूर, बनी इस अंदाज में जीत दर्ज करने वाली पहली टीम

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 13, 2024, 07:30 AM IST

दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स का लक्ष्य का बचाव करने वाला गुरूर उसके ही घरेलू मैदान पर चकनाचूर कर दिया। पहली बार ऐसे मुकाबले में लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा है।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • पहली बार आईपीएल में 160 से ज्यादा का लक्ष्य नहीं बचा पाया लखनऊ
  • दिल्ली कैपिटल्स ने 168 रन के लक्ष्य को किया 6 विकेट रहते हासिल
  • इससे पहले लगातार 13 ऐसे मुकाबलों में लखनऊ ने दर्ज की थी जीत

LSG vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग के 26वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उसके घर पर रौंदकर सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 167 रन का स्कोर खड़ा किया था। 94 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी ने 35 गेंद में 55 रन की नाबाद आतिशी पारी खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद जीत के लिए मिले 168 रन के लक्ष्य को दिल्ली ने पृथ्वी शॉ(33), ऋषभ पंत(41) और जैक फ्रेजर मैगर्क(55) की आतिशी पारियों की बदौलत 18.1 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। ट्रिस्टन स्टब्स और साई होप ने दिल्ली को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया।

पहली बार 160 से ज्यादा का लक्ष्य बचाते हुए मिली हार

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का आईपीएल में पिछले तीन साल से चल रहा जीत का एक सिलसिला टूट गया। पहली बार लखनऊ की टीम 160 रन से ज्यादा के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रही। यानी दिल्ली कैपिटल्स लखनऊ के खिलाफ 160 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल करने वाली आईपीएल की पहली टीम बन गई है।

पंजाब की जीत का तोड़ा दिल्ली ने रिकॉर्ड

इस मुकाबले से पहले लखनऊ ने 13 बार 160 + रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए जीत हासिल की थी। इस मैच में हार से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत पंजाब किंग्स ने साल 2023 में लखनऊ में ही दर्ज की थी। उस मुकाबले को 160 रन बनाकर पंजाब ने 3 गेंद शेष रहते 2 विकेट से अपने नाम किया था। वहीं गुजरात ने साल 2022 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ के खिलाफ 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते 2 गेंद और 5 विकेट शेष रहते मैच जीता था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article