क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए आई बुरी खबर, गेंदबाज के संदिग्ध एक्शन की हुई शिकायत

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केयर्न्स में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में जीत के बाद दक्षिण अफ्रीकी खेमे से बुरी खबर आई है। मैच में डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर प्रेनेलन सुब्रायन के गेंदबाजी एक्शन की अंपायर्स ने शिकायत दर्ज कराई है।

Image

प्रेनेनल सुब्रायन और केशव महाराज (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर प्रेनेलन सुब्रायन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को केर्न्स में खेले गए पहले वनडे के बाद संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए रिपोर्ट किया गया है। इस मुकाबले में 31 वर्षीय ऑफ स्पिनर सुब्रायन ने वनडे डेब्यू किया था। मैच में उन्होंने अपने दस ओवरों में 46 रन देकर एक विकेट लिया था और सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड का विकेट अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका ने यह मैच 98 रन से जीतकर सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बनाई। सुब्रायन ने दो महीने पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में टेस्ट डेब्यू किया था।

होगी सुब्रायन के एक्शन की जांच

बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बताया कि केयर्न्स में मैच अधिकारियों की रिपोर्ट में सुब्रायन के गेंदबाजी एक्शन की वैधता पर चिंता जताई गई है। आईसीसी ने कहा,'सुब्रायन के गेंदबाजी एक्शन की वैधता का पता लगाने के लिए आईसीसी की ओर से मान्यता प्राप्त परीक्षण केंद्र में उनके गेंदबाजी एक्शन का स्वतंत्र मूल्यांकन किया जाएगा।'

पहली बार नहीं हुई है एक्शन की शिकायत

एक्शन की रिपोर्ट होने के बाद अब सुब्रायन को 14 दिनों के भीतर आईसीसी मान्यता प्राप्त परीक्षण केंद्र में अपने एक्शन की स्वतंत्र जांच करानी होगी। जांच के नतीजे आने तक वे गेंदबाजी कर सकते हैं। नियमों के मुताबिक गेंदबाज़ों को गेंद डालते समय 15 डिग्री तक कोहनी मोड़ने की अनुमति होती है। यह पहला मौका नहीं है जब सुब्रायन के गेंदबाज़ी एक्शन पर सवाल उठे हों। दिसंबर 2012 में क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने उन्हें दो स्वतंत्र परीक्षणों में उनका एक्शन अवैध पाए जाने के बाद उन्हें रिहैब के लिए भेजा था। जनवरी 2013 में पुनः परीक्षण के बाद उन्हें गेंदबाजी की अनुमति दी गई।

2016 में मिली थी क्लीन चिट

सितंबर 2014 में भारत में खेले गए चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट के दौरान भी उनके एक्शन की शिकायत हुई थी। इसके बाद नवंबर 2015 में घरेलू टी20 मैच के दौरान भी उनका एक्शन संदिग्ध पाया गया और उन्हें गेंदबाजी से निलंबित कर दिया गया। जनवरी 2016 में वे एक्शन की जांच में फेल हो गए थे, लेकिन मार्च 2016 में CSA के हाई-परफॉरमेंस सेंटर में उनके एक्शन को वैध करार दिए जाने के बाद उन्हें फिर से गेंदबाज़ी की अनुमति दी गई थी।

(IANS इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article