क्रिकेट

सनराइजर्स हैदराबाद ने किया जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट का ऐलान

सनराइजर्स हैदराबाद ने जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को 3 करोड़ में हैदराबाद ने अपने साथ जोड़ा था। अब इंग्लैंड के गेंदबाज डेविड पेन ने उनकी जगह ले ली है।

Image

जैक एडवर्ड्स (साभार-X)

सनराइजर्स हैदराबाद ने जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया। इंग्लैंड के डेविड पेन आईपीएल 2026 में एडवर्ड्स को रिप्लेस करेंगे। उन्हें हैदराबाद ने 1.5 करोड़ रुपये की कीमत में अपने साथ जोड़ा है। 35 साल के पेन बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं और इंग्लैंड के लिए एक वनडे भी खेल चुके हैं। उन्होंने अपने करियर का एकमात्र इंटरनेशनल मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला था और उस मुकाबले में उन्होंने एक विकेट चटकाया था, लेकिन टी20 क्रिकेट की बात करें तो इस गेंदबाज का प्रदर्शन शानदार रहा है। 233 टी20 मैच का अनुभन समेटे इस गेंदबाज के नाम अब तक 304 विकेट हैं।

पेन दुनिया भर के टी20 लीग खेलने के लिए जाने जाते हैं। बीबीएल के अलावा वह ILT20 में भी अपना दम दिखा चुके हैं। पेन हाल ही में पर्थ स्कॉचर्स के साथ बीबीएल चैंपियन बने थे। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स को 3 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था जो चोट के कारण बाहर हो गए थे। हैदराबाद की टीम ने भले ही जैक एडवर्ड्स का रिप्लेसमेंट ढूंढ लिया हो, लेकिन उसकी परेशानी अब भी कम नहीं हुई है। पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैच में टीम के साथ नहीं है। इस कारण ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी गई है।

सनराइजर्स हैदराबाद के मैच (Sunrisers Hyderabad Schedule)

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 2 अप्रैल को उसका सामना केकेआर से, 5 अप्रैल को लखनऊ से और 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स से होगा। अभी आईपीएल ने केवल 5 मैच का ऐलान किया है।

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम (Sunrisers Hyderabad Team)-

पैट कमिंस (कप्तान), नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, एस रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, ट्रेविस हेड, शिवम मावी, क्रायंस फुलेट्रा, प्रफुल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तुकाराम तरमले, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), ईशान किशन (कार्यवाहक कप्तान और विकेटकीपर), शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन और कामिंदु मेंडिस।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article