क्रिकेट

दानिश कनेरिया ने लगाया पाकिस्तानी प्रधानमंत्री पर आतंकवाद को पनाह देने का आरोप, की पीएम मोदी के रुख की तारीफ

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर आतंकवादियों को पनाह देने और पालने का आरोप लगाया है। इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस तरह का कड़ा सदेश देने के लिए उनकी सराहना की है।

Image

दानिश कनेरिया

नई दिल्ली: पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर ‘आतंकवादियों को पनाह देने और पालने’ का आरोप लगाया है और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश देने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। ब्रिटेन में रह रहे 44 वर्षीय कनेरिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शरीफ ने हमले पर चुप्पी साध रखी है जो पाकिस्तान की भूमिका का संकेत है। शरीफ ने भले ही इस घटना पर व्यक्तिगत रूप से कोई टिप्पणी नहीं की हो लेकिन पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने जानमाल के नुकसान पर चिंता व्यक्त की है।

शाहबाज शरीफ क्यों थामे हैं चुप्पी?

इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में कथित तौर पर स्पॉट फिक्सिंग के लिए प्रतिबंध झेलने वाले कनेरिया ने लिखा,'अगर पाकिस्तान की पहलगाम आतंकी हमले में वाकई कोई भूमिका नहीं है तो प्रधानमंत्री शहबाज ने अभी तक इसकी निंदा क्यों नहीं की? आपकी सेना अचानक हाई अलर्ट पर क्यों है? क्योंकि अंदर से आप सच्चाई जानते हैं - आप आतंकवादियों को पनाह और पोषण दे रहे हैं। शर्म आनी चाहिए।'

‘द रेसिस्टेंस फ्रंट ने ली पहलगाम हमले की जिम्मेदारी

वर्ष 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमले में मंगलवार को पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों को मार डाला जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने इसकी जिम्मेदारी ली। एक अन्य पोस्ट में पाकिस्तान के लिए खेलने वाले सिर्फ दूसरे हिंदू क्रिकेटर कनेरिया ने बृहस्पतिवार को हमले के खिलाफ कड़ा संदेश देने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।

पीएम मोदी की कनेरिया ने की तारीफ

मोदी ने अंग्रेजी में दिए भाषण में ‘हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की पहचान करने, उन्हें ढूंढने और उन्हें दंडित करने’ की कसम खाई। उन्होंने यह भी कहा कि भारत हमलावरों का ‘धरती के कोने-कोने तक’ पीछा करेगा और आतंकवाद से देश की भावना कभी नहीं टूटेगी। कनेरिया ने पोस्ट किया,'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करता हूं कि उन्होंने रैली के दौरान अंग्रेजी में बोलने का विकल्प चुना जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि दुनिया उनकी चेतावनी को स्पष्ट रूप से सुन सके। उम्मीद है कि गाजा की तरह ही यह दक्षिण एशिया में आतंकवाद के अंत की शुरुआत है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article