क्रिकेट

CSK vs SRH Pitch Report: चेन्नई और हैदराबाद के बीच आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2025, CSK vs SRH Pitch Report In Hindi Today Match: आज (25 April 2025) आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अंक तालिका में आखिरी दो पायदान पर हैं। हालांकि दोनों की आगे की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं। ये मैच चेन्नई में खेला जाएगा। चेन्नई ने इससे पहले 8 में सिर्फ दो मैच जीते हैं, वहीं हैदराबाद की टीम के आंकड़े भी ऐसे ही हैं। यहां हम जानेंगे चेन्नई-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट और कैसे हैं इस मैदान के आंकड़े।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025 में आज 43वां मैच होगा
  • चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का आमना-सामना
  • मुकाबला चेन्नई में आयोजित किया जाएगा

CSK vs SRH Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: टी20 क्रिकेट के सबसे महंगे टूर्नामेंट आईपीएल में आज का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (Chennai Super Kings vs Sunrisers Hyderabad) के बीच होने वाला है। ये मैच चेन्नई (Chennai) के मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले, टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स ने सिर्फ दो जीत मुंबई और लखऊ के खिलाफ हासिल की थी, उसके अलावा उन्हें छह मैचों में बेंगलुरू, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, कोलकाता और दूसरे राउंड की टक्कर में मुंबई इंडियंस ने शिकस्त दी। कुल 8 मैचों में उन्हें 2 जीत मिली हैं और अब अगर आगे जाना है तो उनको बाकी बचे सभी 6 मुकाबले जीतने होंगे। वहीं, दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है, उन्होंने भी आठ में सिर्फ दो मुकाबले जीते हैं और उनको भी अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे तभी प्लेऑफ (IPL 2025 Playoffs) उम्मीदें जीवित रहेंगी। चेन्नई और हैदराबाद इस सीजन में आज पहली बार आमने-सामने आने वाली हैं। ये मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। चेन्नई सुपर किंग्स की अगुवाई महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) कर रहे हैं, वहीं पिछले साल की फाइनलिस्ट सनराइजर्स हैदराबाद की कमान पैट कमिंस (Pat Cummins) के हाथों में रहेगी।

आईपीएल 2025 में आज चेन्नई और हैदराबाद की टीमों के बीच खेले जाने वाले मैच से पहले पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमों का हाल जान लेते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स इस समय 4 अंकों के साथ अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -1.392 हो चुका है। दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चार अंकों के साथ ठीक चेन्नई से एक स्थान ऊपर नौवें नंबर पर है और उनका नेट रन रेट -1.361 है। आईपीएल इतिहास के आंकड़े देखें तो अब तक चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 21 मैच खेले जा चुके हैं जिनमें चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा भारी रहा है और उन्होंने 15 बार हैदराबाद को मात दी है। वहीं, हैदराबाद की टीम को चेन्नई के खिलाफ 6 मैचों में जीत मिली है। आज होने वाला मुकाबला चेन्नई के ग्राउंड पर है इसलिए यहां के आंकड़े भी देख लेते हैं। चेन्नई के मैदान पर अब तक इन दोनों टीमों के बीच 5 बार भिड़ंत हुई है और इन पांचों मैचों में मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को जीत मिली है, यानी अभी इस मैदान पर हैदराबाद का खाता खुलना बाकी है।

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद आज के मैच की पिच रिपोर्ट (CSK vs SRH Pitch Report)

आज चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच का आईपीएल मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram Stadium) पर खेला जाना है। इस मैच में अब तक आईपीएल इतिहास में 89 मुकाबले हुए हैं जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का ही दबदबा रहा है जिन्होंने 51 बार जीत दर्ज की है। जबकि सिर्फ 38 मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। इस साल चेन्नई की पिच पर खेले गए 3 मुकाबलों में दो मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए भी दो टीमों ने जीत हासिल की है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स का नाम भी शामिल है। इन 4 मैचों की 8 पारियों में एक बार भी गेंदबाज किसी भी टीम को ऑल-आउट करने में सफल नहीं हुए हैं। इन चारों मैचों में सर्वाधिक स्कोर बेंगलुरू ने चेन्नई के खिलाफ बनाया था जब उन्होंने 197 रनों का लक्ष्य दिया और फिर चेन्नई को 146 रन पर रोकते हुए मैच जीत लिया था। चेन्नई की पिच वैसे तो स्पिनर्स के हावी होने के लिए मशहूर रही है लेकिन इस बार यहां चीजें बदली हैं और तेज गेंदबाजों को भी खूब सफलता मिली है। यहां आखिरी मुकाबला कोलकाता और चेन्नई के बीच हुआ था जो एक कम स्कोर वाला मैच था। उस मैच में चेन्नई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 103 रन बना सकी थी। जवाब देने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 10.1 ओवर में कुल 2 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल करके 8 विकेट से बड़ी जीत हासिल की थी। इस सीजन में अपने मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स को सिर्फ एक जीत नसीब हो पाई है।

चेन्नई में खेले गए पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Scorecards And Results Of Last 5 IPL Matches Played At MA Chidambaram Stadium Chennai)

तारीख दोनों टीमें मुकाबले का स्कोरकार्ड मैच का नतीजा
26 मई 2024कोलकाता-हैदराबादहैदराबाद- 113 ऑल-आउट, कोलकाता- 114/2 (10.3 ओवर)कोलकाता 8 विकेट से जीता
23 मार्च 2025मुंबई-चेन्नईमुंबई- 155/9, चेन्नई- 158/6 (19.1 ओवर)चेन्नई 4 विकेट से जीता
28 मार्च 2025चेन्नई-बेंगलुरूबेंगलुरू- 196/7, चेन्नई- 146/8बेंगलुरू 50 रन से जीता
5 अप्रैल 2025चेन्नई-दिल्लीदिल्ली- 183/6, चेन्नई- 158/5दिल्ली 25 रन से जीता
11 अप्रैल 2025कोलकाता-चेन्नईचेन्नई- 103/9, कोलकाता- 107/2कोलकाता 8 विकेट से जीता

आज चेन्नई और हैदराबाद के आईपीएल मैच में इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In CSK vs SRH IPL 2025 Match Today)

आज चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में चेन्नई के ग्राउंड पर कई स्टार क्रिकेटर्स पर फैंस की नजरें व उम्मीदें टिकी रहेंगी। चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो उनके लिए कप्तान धोनी की वापसी विकेटकीपर और फिनिशर के रूप में अहम हो सकती है, उनके अलावा अफगानी नूर अहमद (Noor Ahmad), शेख रशीद (Sheikh Rashid), शिवम दुबे (Shivam Dube), रचिन रविंद्र (Rachin Ravindra), रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja), खलील अहमद (Khaleel Ahmed) और मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana) पर फैंस की निगाहें टिकी होंगी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ बुरी तरह फ्लॉप हुई थी, लेकिन फिर भी पिछले मैच उनको कुछ राहत देने वाले हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen), अनिकेत वर्मा (Aniket Verma) से उम्मीदें तो रहेंगी। जबकि उनकी टीम के फैंस उम्मीदें करेंगे कि अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और ट्रेविस हेड (Travis Head) की सलामी जोड़ी लय में लौट आए क्योंकि वही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2025 में टीमें (Chennai Super Kings And Sunrisers Hyderabad IPL 2025 Squads)

चेन्नई सुपर किंग्स की टीमः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रविंद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुडा, सैम कुरेन, शेख राशिद, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, वंश बेदी और आंद्रे सिद्धार्थ।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीमः पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, नितीश रेड्डी, ईशान किशन, मोहम्मद शमी, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, एडम ज़म्पा, अथर्व तायदे, जीशान अंसारी, अनिकेत वर्मा, ईशान मलिंगा, सचिन बेबी, जयदेव उनादकट, कामिंडु मेंडिस, अभिनव मनोहर और सिमरजीत सिंह।

चेन्नई में आज मौसम का हाल (Chennai Weather Today)

आईपीएल में आज चेन्नई बनाम हैदराबाद मुकाबला चेन्नई में आयोजित होना है तो यहां के मौसम पर भी एक नजर डाल लेते हैं। चेन्नई में आज दिन गर्म रहने वाला है। दिन भर तेज धूप खिली रहेगी और शाम को खिलाड़ियों को काफी उमस का भी सामना करना पड़ेगा जिस स्थिति में बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को काफी मुश्किलें आ सकती हैं। चेन्नई में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है। बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article