क्रिकेट

इससे बेहतर नहीं मांग सकता था, डेब्यू में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले हॉलार्ड ने बताया सपने सच होने जैसा

भारत के खिलाफ मैच विनिंग स्पेल डालने वाले डेब्यूटेंट मैथ्यू हॉलार्ड ने मैच के बाद जो कहा, उसे सुनना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी ही गेंद पर हॉलार्ड ने ईशान किशन को आउट कर दिया, विकेटकीपर लॉर्कन टकर ने विकेट के पीछे एक शानदार कैच लपका। इसके बाद उन्होंने अगले दो ओवरों में श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर को भी आउट कर दिया।

Image

आयरलैंड (साभार -X)

भारत के खिलाफ आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे डेब्यूटेंट मैथ्यू हॉलार्ड जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया इस मुकाबले में 148 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह हॉलार्ड की स्पेल रही। उन्होंने 28 रन देकर 3 विकेट झटके और अपनी टीम को 34 रन से ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही आयरलैंड ने दो मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी ही गेंद पर हॉलार्ड ने ईशान किशन को आउट कर दिया, विकेटकीपर लॉर्कन टकर ने विकेट के पीछे एक शानदार कैच लपका। इसके बाद उन्होंने अगले दो ओवरों में श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर को भी आउट कर दिया।

भारत के खिलाफ अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बारे में बात करते हुए हॉलार्ड ने कहा, "सच कहूं तो, मैंने इसकी कभी उम्मीद नहीं की थी। मुझे हमेशा से पता था कि मुझमें प्रतिभा है, लेकिन भारत के खिलाफ डेब्यू करना सचमुच एक सपने के सच होने जैसा है। इससे बेहतर मैं कुछ और नहीं मांग सकता था। मेरा परिवार जोहान्सबर्ग से मुझसे मिलने आया है। सच में यह अभी भी एक सपने जैसा ही है।"

हॉलार्ड, आंद्रे बोथा (38 रन और 3/18) के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले दूसरे आयरिश खिलाड़ी बन गए हैं। बोथा ने 2008 में स्कॉटलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। हॉलार्ड का डेब्यू पर 3/28 का प्रदर्शन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के खिलाफ किसी आयरिश खिलाड़ी द्वारा दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रिकॉर्ड है।

डेब्यू मैच में अपना पहला विकेट लेने के बाद अपनी भावनाओं के बारे में उन्होंने कहा, "यह वाकई मजेदार है। पहली गेंद के बाद, मैंने हैरी की ओर मुड़कर कहा, 'पहला विकेट हो गया।' और जैसे ही वह गेंद हवा में उठी, सच कहूं तो मेरी सांस एक मिनट के लिए रुक गई, लेकिन लॉर्कन के कैच ने उस पल को मेरे लिए खास बना दिया।

आयरलैंड के लिए खेलने के बारे में हॉलार्ड ने कहा, "मैं 2019 से ही आयरलैंड आना चाहता था। फिर कोविड के कारण कई दिक्कतें आईं। पहले मेरे भाई ने मुझे यहां आने के लिए प्रेरित किया और फिर उन्होंने कहा, 'तुम्हें अब आना ही होगा।' और उन्होंने मुझे यहां बुला लिया। तब से क्रिकेट आयरलैंड ने हमेशा मेरा समर्थन किया। मैं सच में उनका बहुत आभारी हूं।" इस जीत के साथ आयरलैंड अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत को हराने वाली 11वीं टीम बन गई। भारत आठवीं फुल मेंबर टीम है जिसे आयरलैंड ने अंतरराष्ट्रीय मैचों में हराया है, और अब केवल ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका ऐसी टीम हैं जिसे आयरलैंड ने कभी नहीं हराया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article