IPL Team of Bihar: बिहार से ईशान किशन, मुकेश कुमार और आकाश दीप जैसे खिलाड़ी IPL और टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। बिहार को भी जल्द अपनी आईपीएल टीम मिल सकती है। राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को इसको लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की अपनी आईपीएल टीम बनाने पर सरकार 'मिशन मोड' में काम कर रही है और जल्द ही 'सकारात्मक फैसला' लिया जाएगा। दरअसल, वेदांता समूह के अध्यक्ष और बिहार से जुड़े उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट लिखी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें हैं, तो बिहार की अपनी टीम क्यों नहीं हो सकती? अग्रवाल ने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं।
बिहार के उद्योगपति ने जताई इच्छा
अनिल अग्रवाल ने लिखा, "मेरा सपना है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमारे बच्चों को सही ट्रेनिंग और सुविधाएं मिलें, तो बिहार की टीम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम बन सकती है।" उन्होंने बिहार क्रिकेट और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह की मदद देने का भी वादा किया। अग्रवाल ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि बिहार की प्रतिभा मैदान पर चमके।उनकी इस पोस्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तुरंत जवाब दिया। सीएम ने लिखा, "मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। बिहार की क्रिकेट भावना के लिए सरकार एक साफ विजन के साथ मिशन मोड में काम कर रही है। आपके सहयोग से बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।"
बिहार की खेलमंत्री ने कही बड़ी बात
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने पीटीआई वीडियो से बात करते हुए कहा, "हम सब चाहते हैं कि बिहार के खिलाड़ियों को सही मंच मिले और वे अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन करें। ऐसे में अनिल अग्रवाल जी का ट्वीट बहुत अच्छा है और मुख्यमंत्री ने भी इसका समर्थन किया है।"श्रेयसी सिंह ने भरोसा दिलाया कि खेल विभाग इस सपने को जल्द हकीकत में बदलने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने आईपीएल मैचों की मेजबानी को लेकर भी बिहार की तैयारी पर बात की। खेल मंत्री ने कहा, "बिहार में बुनियादी ढांचा तैयार है। हम पूरे जोश के साथ खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं, सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि दूसरे खेलों में भी।" उन्होंने आगे कहा, "जब हम रग्बी, हॉकी जैसे खेलों की इंटरनेशनल प्रतियोगिताएं करवा सकते हैं, तो आईपीएल मैचों की मेजबानी भी कर सकते हैं।"
