क्रिकेट

IPL 2026: अभिषेक नायर ने किया कैमरन ग्रीन को लेकर KKR की रणनीति का खुलासा, बताया क्यों लगाया बड़ा दांव

कोलकाता नाइट राइडर्स के हेड कोच अभिषेक नायर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को टीम में शामिल करने लिए बनाई गई रणनीति का खुलासा किया है।

Image

कैमरन ग्रीन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में केकेआर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 रुपये में खरीदा। केकेआर की इस डील की काफी चर्चा है। कई विशेषज्ञों ने माना है कि कैमरन ग्रीन के लिए दी गई ये रकम बहुत ज्यादा है, लेकिन केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने फ्रेंचाइजी के इस फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि कैमरन ग्रीन को टीम लंबे समय के लिए देख रही है।

ग्रीन के लिए कितनी भी राशि खर्च करने को तैयार थी केकेआर

अभिषेक नायर ने जियोस्टार पर कहा,'केकेआर ग्रीन को लेने के लिए पक्का इरादा कर चुकी थी। मैं यह नहीं कह सकता कि हम उसके लिए कितनी ऊंची कीमत देने को तैयार थे, लेकिन हम पूरी कोशिश करना चाहते थे। अगर हमारे पास पैसे होते, तो हम खर्च करते। पैसे बचाने का कोई मतलब नहीं था। आइडिया यह था कि ग्रीन को लेने के लिए हम जो कुछ भी कर सकते थे, करें क्योंकि वह हमारे लिए बहुत जरूरी खिलाड़ी है। आंद्रे रसेल के जाने के बाद, हमें फ्रेंचाइजी को आगे ले जाने के लिए किसी की जरूरत थी। इसलिए, हमने तय किया कि हमें कैमरन ग्रीन को लेना ही होगा।'

कई समस्याओं का समाधान करने वाले खिलाड़ी हैं ग्रीन

नायर ने कहा,'केकेआर ग्रीन को एक शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के तौर पर देखती है जो पूरे सीजन अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो हमारे लिए 500 रन बना सकता है। इसीलिए हम उसे लेने के लिए इतने बेताब थे। हम जानते हैं कि उसमें वह काबिलियत है। वह टॉप ऑर्डर में अच्छा कर सकता है। वह हमारे लिए अलग-अलग समस्याओं का निदान कर सकता है।'

वेंकटेश अय्यर को नहीं हासिल कर पाने का है अफसोस

वेंकटेश अय्यर को न खरीद पाने पर अभिषेक नायर ने कहा,'वह शुरू से ही हमारे लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं। हमने उन्हें वापस लाने की कोशिश की। हमें लगा कि दूसरी टीमें अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए पैसे बचा रही हैं, इसलिए हमने सोचा कि हम उन्हें कम कीमत पर ले सकते हैं। वह अनुभवी हैं और हमारे सेटअप में फिट बैठते हैं, लेकिन आरसीबी हमेशा हमारे खिलाड़ियों के पीछे पड़ती है। इस साल उन्होंने उन्हें ले लिया। वेंकटेश पिछले कुछ सालों में हमारे लिए शानदार रहे हैं, और मैं उन्हें उनके नए आईपीएल सफर के लिए शुभकामनाएं देता हूं।' वेंकटेश अय्यर 2021 से ही केकेआर का हिस्सा थे। केकेआर ने उन्हें आईपीएल 2025 के लिए हुई नीलामी में 23.75 करोड़ में खरीदा था। आईपीएल 2026 से पहले उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया। नीलामी में आरसीबी ने उन्हें 7 करोड़ में खरीदा।

(फोटो क्रेडिट IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article