अगले साल आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप होना है और सभी टीमें अभी से इसकी तैयारियों में जुटी हैं। इन तैयारियों में खिलाड़ियों का वर्कलोड संतुलन बनाना और फिटनेस पर नजर रखना भी शामिल है। ऐसी स्थिति में भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) एक मुश्किल समय से गुजर रही है जहां बार-बार दिग्गज खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं और कई सीरीज खेलने से चूक गए हैं। इसलिए अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा एक्शन लिया है। बोर्ड ने टीम इंडिया के मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट कमलेश जैन (Kamlesh Jain) का अनुबंध खत्म कर दिया है।
फिजियो कमलेश जैन को हटाने का कदम तब उठाया गया जब चोटिल होने के कारण हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज और जापान में आयोजित होने वाले आगामी एशियन गेम्स 2026 से बाहर कर दिया गया। गौरतलब है कि हर्षित राणा उन खिलाड़ियों की लंबी लिस्ट में शामिल हो गए हैं जो हाल में फिटनेस व चोट समस्याओं के चलते किसी ना किसी सीरीज से बाहर होने पर मजबूर हो गए। इनमें भारत के शीर्ष पेसर जसप्रीत बुमराह, अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और अन्य कई धुरंधर शामिल हैं।
वैसे जसप्रीत बुमराह और नितीश कुमार रेड्डी को अफगानिस्तान के खिलाफ नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाली तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए फिट घोषित किया गया है, लेकिन चोटों की बढ़ती लिस्ट ने टीम की फिटनेस और मेडिकल मैनेजमेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमलेश जैन 2022 से भारतीय टीम के साथ जुड़े थे और सपोर्ट स्टाफ के अहम सदस्य भी थे।
नोटिस पीरियड पर फिजियो कमलेश जैन
'स्पोर्ट्स नाउ' को पता चला है कि कमलेश जैन फिलहाल 3 महीने के नोटिस पीरियड पर हैं और इस साल के आखिर में न्यूजीलैंड दौरे के बाद टीम से अलग हो जाएंगे। कमलेश जैन ने नितिन पटेल की जगह हेड फिजियो का पद संभाला था, क्योंकि नितिन पटेल 'सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस' (CoE) चले गए थे। हालांकि, पटेल बाद में CoE छोड़कर मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन गए।
