क्रिकेट

IPL 2026: RCB के कोच एंडी फ्लावर पर आचार सहिंता का उल्लंघन करने पर लगा जुर्माना

BCCI Slams Fine On RCB Coach Andy Flower: आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान चौथे अंपायर के साथ बहस करने के कारण आचार संहिता का उल्लंघन करने पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

Image

आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर लगा जुर्माना

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान चौथे अंपायर के साथ बहस करने के कारण आचार संहिता का उल्लंघन करने पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल ने एक बयान में कहा, "रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुख्य कोच एंडी फ्लावर पर आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।"

इसमें कहा गया है, "एंडी को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो ’मैच के दौरान स्पष्ट रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग’ करने से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर में घटी जब एंडी ने चौथे अंपायर के साथ तीखी बहस की। एंडी ने अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी अमित शर्मा के फैसले को स्वीकार कर लिया है। आरसीबी ने यह मैच दो विकेट से जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

मैच जीतने के बाद गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने रविवार को यहां मुंबई इंडियंस पर मिली रोमांचक जीत के बाद कृणाल पंड्या की बल्लेबाजी की और भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम को लक्ष्य आसानी से हासिल कर लेना चाहिए था।

आरसीबी कृणाल (73 रन) के अर्धशतक से रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हराकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। पिछले दो मैच में हार का सामना करने वाली आरसीबी (14 अंक) ने ’प्लेयर ऑफ द मैच’ भुवनेश्वर (23 रन देकर चार विकेट) के गेंद से शानदार प्रदर्शन के बाद अंत में दो गेंद में एक छक्के से नाबाद सात रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की जिससे मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

पाटीदार ने मैच के बाद कहा, "यह एक बहुत ही कड़ा मुकाबला था, लेकिन कुल मिलाकर यह एक शानदार खेल था।" उन्होंने कृणाल की प्रशंसा करते हुए कहा, "कृणाल ने टीम के लिए यह कर दिखाया। उनके पास बहुत अनुभव है और इसलिए ऐसे खिलाड़ी बड़े मैचों में कमाल करते हैं।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article