क्रिकेट

एशिया कप न खेलने के खबर को बीसीसीआई ने किया खारिज, बताया क्या है आगे की योजना

भारतीय टीम सितंबर में होने वाले एशिया कप में हिस्सा लेगी या नहीं इसको लेकर अटकलें तेज हो गई थी। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि बीसीसीआई पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का मन बना चुकी है और ऐसे में पीसीबी को इसका तगड़ा नुकसान झेलना होगा।

Image

बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया (साभार-ANI)

बीसीसीआई ने एशिया कप में टीम इंडिया की भागीदारिता को लेकर चल रही खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। सुबह से ऐसी खबरें चल रही थी कि टीम इंडिया एशिया कप में और महिलाओं के एमर्जिंग एशिया कप में भाग नहीं लेगी, लेकिन अब इस पर बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया का बयान सामने आया है। एएनआई को दिए गए एक बयान में उन्होंने साफ किया कि इस पर अभी कोई फैसला बीसीसीआई की तरफ से नहीं लिया गया है।

सैकिया ने कहा 'आज सुबह से कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि BCCI ने एशिया कप और महिला इमर्जिंग एशिया कप, जो कि दोनों ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) के आयोजन हैं, में भाग न लेने का निर्णय लिया है। ऐसी खबरें पूरी तरह से निराधार है, क्योंकि अब तक BCCI ने इन आगामी ACC आयोजनों को लेकर न तो कोई चर्चा की है और न ही कोई निर्णय लिया है। इस समय हमारा पूरा फोकस IPL और इसके बाद होने वाली इंग्लैंड सीरीज़ पर है।

इससे पहले ऐसी खबरें आई थी कि अगले महीने श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले इमर्जिंग महिला एशिया कप में भारत हिस्सा नहीं लेगा। इतना ही नहीं मेंस एशिया कप जोकि सितंबर में होना था, उसको लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थी कि बीसीसीआई खेलने से मना कर सकती है। हालांकि, इसको लेकर अंतिम फैसला जल्द होने वाली एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में लिया जाएगा। अब बीसीसीआई ने इस तरह के सभी रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article