क्रिकेट

BCCI AGM: बीसीसीआई की एजीएम से पहले नए सचिव को लेकर बड़ा अपडेट

BCCI New Secretary Big Update: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की बुधवार को वार्षिक आम बैठक (एजीएम) होनी है। इस बैठक में बोर्ड के कामकाज से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। इसी बीच, बोर्ड के नए सचिव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

Image

जय शाह। (फोटो- Umesh Yaadav/BCCI Twitter)

Photo : Twitter

BCCI New Secretary Big Update: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की शीर्ष परिषद बुधवार को बोर्ड के कामकाज से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करेगी लेकिन निवर्तमान सचिव जय शाह की जगह नए सचिव की नियुक्ति एजेंडे में शामिल नहीं है। पांच दिन में बेंगलुरू में होने वाली बोर्ड की 93वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से पहले यह शीर्ष परिषद की आखिरी बैठक होगी। शाह के आईसीसी चेयरमैन के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद नए सचिव की नियुक्ति जरूरी हो गई है।

हालांकि वह आगामी एजीएम के दौरान बीसीसीआई सचिव के रूप में अपनी मौजूदा भूमिका से नहीं हटेंगे क्योंकि उन्हें एक दिसंबर से ही आईसीसी में अपना नया पद संभालना है। लेकिन नामांकन की प्रक्रिया पर चर्चा भी शीर्ष परिषद के एजेंडे में सूचीबद्ध आठ मदों का हिस्सा नहीं है जिसमें बायजू के मामले पर अपडेट शामिल है। बीसीसीआई का अपने पूर्व टाइटल प्रायोजक बायजू के साथ भुगतान निपटारे को लेकर विवाद है। इस संकटग्रस्त एडटेक फर्म ने पिछले साल मार्च में बीसीसीआई के साथ अपना प्रायोजन करार समाप्त कर दिया था।

बायजू रवींद्रन द्वारा सह स्थापित इस बेंगलुरू स्थित कंपनी ने शुरुआत में मार्च 2019 में तीन साल के लिए जर्सी प्रायोजन करार किया था जिसे जिसे बाद में कथित तौर पर पांच करोड़ 50 लाख डॉलर की राशि के लिए एक और वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया था। सितंबर 2022 तक भुगतान किया गया था लेकिन विवाद अक्टूबर 2022 से मार्च 2023 तक के बकाये के भुगतान को लेकर है।

बेंगलुरू के बाहरी इलाके में अत्याधुनिक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के उद्घाटन पर भी चर्चा होगी। वर्तमान में एनसीए दो दशक से भी अधिक समय पहले अपनी स्थापना के बाद से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम परिसर में कार्य करता है। मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय के बाहरी हिस्से का नवीनीकरण कार्य शुरू करने और पूर्वोत्तर विकास परियोजना को मंजूरी देना भी एजेंडे का हिस्सा है।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article