भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार, 7 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के मैच 57 के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के 'ऑपरेशन सिंदूर' को सम्मानित किया। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकवादी ठीकाने को ध्वस्त कर दिया था।
पूरे देश में इस अभियान की सफलता का जश्न मनाया जा रहा है और BCCI ने भी भारतीय सशस्त्र बलों की इस उपलब्धि को सम्मानित किया। मैच से पहले, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाड़ी राष्ट्रगान के लिए खड़े हुए। खेल के दौरान, बड़ी स्क्रीन पर बार-बार ‘सशस्त्र बलों पर गर्व है’ का संदेश दिखाया जा रहा था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने अजिंक्य रहाणे के 48 और आंद्रे रसेल की 38 रन की पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने यह लक्ष्य 2 गेंद शेष रहते 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एमएस धोनी 18 गेंद मे 17 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई की ओर से इस जीत के हीरो रहे डेवाल्ड ब्रेविस जिन्होंने 25 गेंद में विस्फोटक 52 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। चेन्नई सुपर किंग्स की यह इस सीजन तीसरी जीत है। धोनी एंड कंपनी पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। चेन्नई प्वाइंट्स टेबल में 12 मैच में 3 मुकाबला जीतकर 6 प्वाइंट के साथ आखिरी पायदान पर है।
