Stock Market Opening Today 16 October 2026: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, लेकिन शुरुआती मिनटों में ही बेंचमार्क इंडेक्स फिसलकर लाल निशान में आ गए। Sensex और Nifty ने पिछले बंद के मुकाबले बढ़त के साथ शुरुआत की थी, लेकिन जल्द ही बिकवाली हावी हो गई। दूसरी ओर, IT शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। एशियाई बाजारों से भी मिलेजुले संकेत मिल रहे हैं, जबकि कच्चा तेल 105 डॉलर प्रति बैरल के पार बना हुआ है।
Sensex-Nifty में गिरावट
शुक्रवार सुबह Sensex 302 अंक की गिरावट के साथ 74,012.99 के स्तर तक लुढ़क गया। इसी दौरान Nifty 83.55 अंक की गिरावट के साथ
22,913.80 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि, करीब 10:30 बजे निफ्टी 140 अंक से ज्यादा तेजी के साथ 23,143.80 अंक तक चढ़ गया। वहीं, सेंसेक्स 450 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 74,756.37 अंक तक चढ़ गया।
IT शेयरों में तेजी, बैंकिंग और FMCG पर दबाव
सेक्टर के लिहाज से देखें तो IT शेयर बाजार को सहारा देते नजर आए। Nifty IT इंडेक्स करीब 2.15% चढ़ा। इसके अलावा Nifty Media में 0.78% और Nifty Metal में 0.07% की तेजी थी।
इसके उलट Nifty Oil & Gas इंडेक्स 1.12% गिरा। Nifty Financial Services Ex-Bank में 1.10%, Nifty Realty में 0.70% और Nifty FMCG में 0.65% की गिरावट दर्ज की गई। Nifty Bank भी करीब 0.39% नीचे कारोबार कर रहा था। इस तरह बाजार में सभी सेक्टरों में एक जैसी चाल नहीं दिखी। IT शेयरों में खरीदारी के बावजूद बैंकिंग, FMCG और ऑयल एंड गैस शेयरों में कमजोरी रही।
निवेशकों में बढ़ रही बेचैनी
बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला India VIX करीब 2.29% चढ़कर 14.35 पर पहुंच गया। VIX में बढ़त यह बताती है कि बाजार में निकट अवधि के उतार-चढ़ाव को लेकर अपेक्षाएं बढ़ी हैं। हालांकि, केवल VIX की चाल के आधार पर बाजार की अगली दिशा तय नहीं की जा सकती।
क्रूड ने फिर बिगाड़ा मूड
कमोडिटी बाजार में Brent Crude फिर 105.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। जबकि, गुरुवार को यह करीब 102 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया था। हालांकि, इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल में भी मजबूती दिखी। शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 0.36% मजबूत होकर 94.72 पर आ गया है।
