क्रिकेट

Shubman Gill Injury Update: गिल की चोट को लेकर बीसीसीआई ने दिया बड़ा अपडेट, जानें कब होगी वापसी

Shubman Gill Injury Update: भारतीय कप्तान शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन्स में जारी पहले टेस्ट मैच के दौरान गर्दन में ऐंठन महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें बल्लेबाजी छोड़कर वापस लौटना पड़ा।

Image

शुभमन गिल की चोट (फोटो- AP)

Shubman Gill Injury Update: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल को बल्लेबाजी के दौरान गर्दन में ऐंठन (Neck Spasm) महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें अपनी पारी बीच में ही छोड़कर वापस पवेलियन लौटना पड़ा। फिलहाल गिल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।

बल्लेबाजी के दौरान चोट और रिटायर्ड हर्ट

शुभमन गिल भारत की पहली पारी में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने अपनी पारी की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर खाता खोला, लेकिन इसी दौरान उन्हें गर्दन में तकलीफ महसूस हुई। गिल को अपनी परेशानी को देखते हुए रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार, गिल को दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ही गर्दन में परेशानी महसूस हो रही थी। भारत ने जब 189 के स्कोर पर अपना नौवां विकेट गंवा दिया, तब भी गिल दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतरे।

बीसीसीआई का आधिकारिक अपडेट

बीसीसीआई ने शनिवार को एक आधिकारिक अपडेट जारी कर कप्तान की स्थिति के बारे में जानकारी दी। बीसीसीआई ने कहा, "शुभमन गिल की गर्दन में ऐंठन है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। शनिवार को गिल के खेलने पर फैसला उनकी रिकवरी के आधार पर लिया जाएगा।"

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब गिल को इस समस्या का सामना करना पड़ा है। इससे पहले, अक्टूबर 2024 में बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले भी गिल को गर्दन में अकड़न की समस्या हुई थी, जिसके कारण उन्हें अंततः उस मैच से बाहर होना पड़ा था।

पहले टेस्ट मैच का हाल

मुकाबले की बात करें तो, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम पहली पारी में महज 159 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम की ओर से एडेन मार्करम ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, जबकि भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट लेकर कहर बरपाया।

इसके जवाब में, भारतीय टीम पहली पारी में 189 रन ही बना सकी और इस तरह पहली पारी के आधार पर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल की। भारत की ओर से केएल राहुल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 29 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने 4 विकेट और मार्को जेनसन को 3 विकेट हाथ लगे। वहीं दूसरी पारी में द.अफ्रीका की टीम एक बार फिर से बिखर गई और 93 रनों पर ही उनके 7 विकेट गिर गए हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article