क्रिकेट

Asia Cup 2025: चाहकर भी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मुकाबले से नहीं हट पाएगी टीम इंडिया! जानिए क्यों

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को भिड़ंत होने वाली है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंधों के सबसे निचले स्तर पर होने के बावजूद टीम इंडिया इस मैच से पीछे चाहकर भी नहीं हट सकती है जानिए क्या है वजह?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ACC Media X)

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण संबंध के बीच क्या बीसीसीआई भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के दौरान खेलने की अनुमति देगी। क्रिकेट फैंस के मन में लगातार उठ रहे इस सवाल का जवाब बीसीसीआई ने कहीं न कहीं दे दिया है। आईएएनएस को प्राप्त जानकारी के मुताबिक,'एशियन क्रिकेट काउंसिल की ढाका में हुई बैठक में बीसीसीआई के प्रतिनिधि वर्चुअली मौजूद थे। बैठक में एशिया कप 2025 के कार्यक्रम को तय किया गया, जिसमें बीसीसीआई की भी सहमति थी। ऐसे में अब बीसीसीआई भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच से किनारा नहीं कर सकती है और मैच घोषित कार्यक्रम के अनुसार होगा। बीसीसीआई टूर्नामेंट का मेजबान भी है। ऐसे में अब बोर्ड तय कार्यक्रम से पीछे नहीं हट सकती।'

ग्रुप-ए में मिली है टीम इंडिया को जगह

एशिया कप 2025 में भारत को पाकिस्तान, यूएई और ओमान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को लीग चरण का मैच होना है। हालांकि, बीसीसीआई ने एशिया कप के कार्यक्रम की घोषणा के बाद अब तक इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान के बहिष्कार पर कोई टिप्पणी नहीं की है। महीनों की अटकलों को विराम देते हुए, एसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को एशिया कप के 17वें संस्करण की तारीखों की आधिकारिक घोषणा की।

टी20 फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट का आयोजन

यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा, जो 2026 टी20 विश्व कप की तैयारियों के अनुरूप होगा। पहली बार एशिया कप में आठ टीमें भाग लेंगी। भारत और पाकिस्तान को यूएई और ओमान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में बांग्लादेश, हांगकांग, अफगानिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष 2 टीमें सुपर फोर चरण में आगे बढ़ेंगी, जिसके बाद फाइनल होगा, जिससे टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले होने की संभावना बढ़ गई है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article