क्रिकेट

मुथूट फिनकॉर्प बना घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट्स का नया टाइटल स्पॉन्सर, बीसीसीआई ने किया ऐलान

मुथूट फिनकॉर्प भारतीय क्रिकेट का नया टाइटल स्पॉन्सर बन गया है। जानिए कितने करोड़ में हुई बीसीसीई और मुथूट फिनकॉर्प के बीच ये डील।

Image

मुथूट फिनकॉर्प बीसीसीआई का नया टाइटल स्पॉन्सर (फोटो क्रेडिट BCCI)

मुंबई: मुथूट फिनकॉर्प भारतीय क्रिकेट का नया टाइटल स्पॉन्सर बन गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत में होने वाले क्रिकेट मैचों के लिए मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड को टाइटल स्पॉन्सर घोषित किया है। इसका ऐलान बीसीसीआई ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर किया। यह साझेदारी मार्च 2028 तक चलेगी। इस टाइटल स्पॉन्सरशिप में भारत में खेली जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय सीरीज, टूर्नामेंट के साथ-साथ बोर्ड द्वारा आयोजित किए जाने वाले सभी घरेलू टूर्नामेंट भी शामिल होंगे। इससे पहले आईडीएफसी फर्स्ट घरेलू क्रिकेट मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सर था।

भारत-वेस्टइंडीज सीरीज के साथ होगी साझेदारी की शुरुआत

इस साझेदारी की शुरुआत भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जाने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज के साथ होगी। सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर, 2026 को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। यह पार्टनरशिप मुथूट फिनकॉर्प को भारत की राष्ट्रीय टीमों और प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं के ज़रिए देश भर के क्रिकेट दर्शकों से जुड़ने का मौका देगी। इस डील के जरिए बीसीसीआई को तकरीबन 150 करोड़ रुपये की कमाई होगी। दोनों के बीच हुए करार के तहत बीसीसीआई को प्रति मैच तकरीबन 4.3 करोड़ रुपये मिलेंगे।

बीसीसीआई परिवार में मुथूट फिनकॉर्प का मिन्हास ने किया स्वागत

बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, भारतीय क्रिकेट का घरेलू सीजन नेशनल टीमों, घरेलू प्रतियोगिताओं और अलग-अलग पड़ाव पर मौजूद खिलाड़ियों को एक साथ लाता है। टाइटल स्पॉन्सर के तौर पर मुथूट फिनकॉर्प का जुड़ना भारतीय क्रिकेट की ताकत और पहुंच के साथ-साथ देश भर के लोगों के साथ इसके जुड़ाव को दिखाता है। दोनों ब्रांड्स के बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव भी है, जिसमें मुथूट फिनकॉर्प का खास नीला रंग भारतीय क्रिकेट की 'मेन इन ब्लू' और 'विमेन इन ब्लू' टीमों के साथ मिल रहा है। हमें बीसीसीआई परिवार में मुथूट फिनकॉर्प का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है और हम आने वाले सीजन में एक मज़बूत रिश्ता बनाने के लिए उत्सुक हैं।'

सैकिया ने किया मुथूट फिनकॉर्प का स्वागत

इस बारे में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, भारत का घरेलू सीजन हमारे क्रिकेटिंग स्ट्रक्चर के हर पहलू को दिखाता है। हमारी सीनियर नेशनल टीमों और इंडिया ए से लेकर हमारी एज-ग्रुप टीमों और घरेलू प्रतियोगिताओं तक, इस कैलेंडर के हर हिस्से की भारतीय क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका है। यह देखना खास तौर पर उत्साहजनक है कि मुथूट फिनकॉर्प का जुड़ाव इस बड़े प्लेटफॉर्म तक फैला हुआ है। टाइटल स्पॉन्सर के तौर पर उनका स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है और हम मुथूट पप्पाचन ग्रुप के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि हम खिलाड़ियों को मौके देते रहें और देश भर के फैंस के लिए बेहतरीन क्वालिटी की क्रिकेट ला सकें।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article