टीम इंडिया की भलाई चाहने वाले करोड़ों फैंस के अलावा कई क्रिकेट दिग्गज अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं कि आखिर सेलेक्शन को लेकर टीम के भीतर चल क्या रहा है। यह सवाल एकबार फिर तब सामने आया जब दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन तेज गेंदबाज आकाश दीप सिर में चोट लगने के कारण मैच से बाहर हो गए। न्यूजीलैंड की पहली पारी में पांच विकेट लेने के बाद भारतीय पारी में महत्वपूर्ण 29 रन बनाने वाले आकाश के हेलमेट पर बल्लेबाजी करते समय दो बार गेंद लगी। उन्हें जैकब डफी और फिर काइल जैमिसन की गेंद लगी। इससे आकाश के सिर में चोट (कनकशन) का पता चला, जिसके कारण उन्हें टेस्ट मैच से बाहर होना पड़ा।
फिर नजरअंदाज किए गए सिराज
ऐसा लग रहा था कि 'कनकशन सब्स्टीट्यूट' के तौर पर मोहम्मद सिराज को मौका मिल जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, टीम मैनेजमेंट ने प्रसिद्ध कृष्णा को तरजीह दी और उन्हें शामिल किया। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर आकाश चोपड़ा ने सवाल उठाए हैं। आकाश की मानें तो यह समझ से परे है कि कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर भी सिराज को नहीं भेजा गया। कृष्णा पहले टेस्ट का हिस्सा थे, लेकिन दूसरे टेस्ट में उन्हें बाहर रखकर गुरनूर ब्रार को शामिल किया गया, लेकिन जब सब्स्टीट्यूट की बारी आई तो कृष्णा को ही पहली पसंद के तौर पर टीम में ले लिया गया।
क्यों ले गए हो न्यूजीलैंड?
सिराज को बार-बार नजरअंदाज किए जाने पर आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए और उनसे पूछा अगर सिराज को नहीं खिलाना था तो उन्हें न्यूजीलैंड क्यों ले जाया गया। वनडे सीरीज में भी उन्हें केवल एक मुकाबला खिलाया गया था। सिराज ने उस मुकाबले में 50 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। इसके बावजूद उन्हें टेस्ट में नहीं चुना गया।
WTC 2025-27 में भारत के सबसे सफल गेंदबाज
सिराज को ना खिलाया जाना सुनील गावस्कर सरीखे दिग्गज को भी पच नहीं रहा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की बात करें तो सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। 11 मैच की 21 पारी में उन्होंने 43 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो फोरफर और 4 फाइफर लिया है।
पता नहीं सिराज की मेंटल स्थिति
आकाश चोपड़ा ने कहा कि पता नहीं सिराज की मेंटल स्थिति अभी कैसी होगी। पहले टेस्ट में 4 तेज गेंदबाज में उनको नहीं रखा गया और जब दूसरे में 5वें गेंदबाज को मौका देने की बारी आई तब भी उन्होंने सिराज को दरकिनार किया। पता नहीं इस पूरे इंसीडेंट के बाद सिराज कैसे रिएक्ट करेंगे, लेकिन यह एकदम निराशाजनक है।
