नई दिल्ली: हाल ही में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार 29 नवंबर, 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। शमी की नितिन नवीन से मुलाकात के दौरान भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद शमी के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। उन्हें भाजपा विधानसभा चुनाव में मैदान में उतार सकती है साथ ही पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे में बड़ी जिम्मेदारी उन्हें दी जा सकती है।
अमरोहा सदर से हो सकते हैं भाजपा उम्मीदवार
शमी घरेलू क्रिकेट में पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले हैं। मोहम्मद शमी का पैतृक गांव सहसपुर अलीनगर है जो कि अमरोहा सदर विधानसभा क्षेत्र में आता है। ऐसे में माना जा रहा है कि वो अगले साल होने वाले चुनाव में इस सीट से भाजपा उम्मीदवार हो सकते हैं। इस सीट से वर्तमान में समाजवादी पार्टी के महबूब अली विधायक हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार राम सिंह को 71,036 वोट के अंतर से हराया था।
पांच बार के विधायक महूबब अली को देंगे चुनौती
महबूब अली अमरोहा सदर से पांच बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। साल 2022 में राष्ट्रीय परिवर्तन दल के टिकट पर पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 2007 से 2022 तक वो लगातार चार बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक इसी सीट से निर्वाचित हुए। समाजवादी पार्टी ने साल 2026 के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी की उसमें महबूब अली का नाम अमरोहा सदर सीट से शामिल है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ को राजनीति की पिच पर बोल्ड करने लिए नई रणनीति के साथ फील्डिंग जमा रही है। साथ ही मोहम्मद शमी की स्विंग और बाउंसर का इस्तेमाल करने कोशिश में जुटी है। हालांकि भाजपा और मोहम्मद शमी दोनों में से किसी ने भी इस मुलाकात की वजह का खुलासा नहीं किया है लेकिन टाइमिंग पर गौर करें तो ये मुलाकात पूरी तरह राजनीतिक ही नजर आती है।
सीएम योगी की मां को दी थी श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी की तरफ झुकाव और राजनीतिक महत्वकांक्षा का एक संकेत हाल ही में मोहम्मद शमी के एक ट्वीट में देखने को मिला था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के देहांत के बाद शमी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संदेश लिखा, उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं योगी जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और योगी जी एवं उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने का संबल दे।'शमी ने इस संदेश को सीएम योगी आदित्यनाथ के और यूपी भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को टैग भी किया था। यूपी भाजपा को टैग करने के अपने राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे हैं।
उमेश कुमार की दोस्ती बनेगी पुल
उत्तराखंड की खानपुर सीट से भाजपा विधायक उमेश कुमार और मोहम्मद शमी की दोस्ती जग जाहिर है। जब शमी अपनी करियर के मुश्किल दौर से गुजर रहे थे तब उन्होंने उनकी मदद की थी। ऐसे में अगर शमी भाजपा का दामन थामते हैं तो उमेश कुमार की भूमिका भी अहम हो सकती है।
करना चाहते हैं एक तीर से दो शिकार
साल 2025 में भारतीय टीम के चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद से मोहम्मद शमी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। पुरजोर कोशिश के बाद भी वो टीम इंडिया में वापसी करने में नाकाम रहे और ऐसे में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। शमी टी20 और वनडे क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं। साल 2027 में वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम में वापसी का सपना संजोए हुए हैं। ऐसे में भाजपा का दामने से उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को भी संजीवनी मिल सकती है। पूर्वी दिल्ली के पूर्व लोकसभा सांसद गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से शमी की वापसी भारतीय टीम में नहीं हो सकी है। शमी राजनीतिक पारी की शुरुआत करके एक तीर से दो शिकार कर सकते हैं।