नागपुर: टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम से बाहर रहना पीड़ादायक है, लेकिन उम्मीद की किरण हमेशा बनी रहती है। भारत के लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के बाद सूर्यकुमार को राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया था। मुंबई का यह क्रिकेटर फिलहाल घरेलू क्रिकेट में खेल रहा है।
टीम से बाहर होना है पीड़ादायक
सूर्यकुमार ने पत्रकारों से कहा,'निश्चित तौर पर भारतीय टीम से बाहर होना पीड़ादायक है। आप लगातार पांच साल तक खेलते हैं और फिर अचानक आपको बाहर कर दिया जाता है। इससे दुख होता है, लेकिन यही तो इस खेल का असली आनंद है। उन्होंने कहा,'यह खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है। इसने मुझे पिछले दो वर्षों में और आईपीएल के बाद भी बहुत कुछ सिखाया है। कहा भी जाता है कि हर मुश्किल के बाद उम्मीद की किरण जरूर होती है। इसलिए तब तक खेल जारी रहना चाहिए।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: VIDEO: 150 साल के क्रिकेट इतिहास में केवल रोहित के नाम है यह अनोखा रिकॉर्ड, हिटमैन को भी नहीं था पता
फिलहाल खिताब जीतना है लक्ष्य
सूर्यकुमार ने कहा कि वह बहुत आगे की नहीं सोच रहे हैं और वर्तमान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा,'आईपीएल अभी बहुत दूर है। इसके बीच में कई अन्य टूर्नामेंट हैं। मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी है और फिर रणजी ट्रॉफी का दूसरा चरण। फिलहाल, मेरा पूरा ध्यान (मुश्ताक अली ट्रॉफी के) सुपर लीग पर है। मेरा ध्यान हर मैच में जीत हासिल करने और आखिर में खिताब जीतने पर है।'
नहीं है बल्लेबाजी में कोई खामी
सूर्यकुमार ने इसके साथ ही कहा कि उनकी बल्लेबाजी में किसी तरह की खामी नहीं है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मेरी बल्लेबाजी में कुछ गड़बड़ हुई है। मैं पिछले पांच साल से इसी तरह खेल रहा हूं। मैं चाहे भारत की तरफ से खेलूं या मुंबई के लिए, मुझे बल्लेबाजी करने में हमेशा आनंद आया है।'
(भाषा)
