क्रिकेट

India U19 vs Bangladesh U19: 'गलती म्हारे से हो गई...,' नो हैंडशेक विवाद पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने जारी किया बयान

अंडर-19 वर्ल्ड कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से खेला जा रहा है। भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को 6 विकेट (DLS मेथड) से हराया था। शनिवार को भारत अपना दूसरा मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलने उतरा। टॉस के बाद भारतीय कप्तान आयुष महात्रे और बांग्लादेश के उप-कप्तान जावाद अबरार ने हाथ नहीं मिलाया और अपने-अपने रास्ते चले गए। इस पर बीसीबी ने अपना बयान जारी किया है। भारत ने यह मुकाबला डीएलएस मेथड से 18 रन से जीता।

IND U19 vs BAN U19

भारत बनाम बांग्लादेश नो हैंडशेक कंट्रोवर्सी। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच शनिवार को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में टॉस के दौरान 'हैंडशेक' नहीं हुआ। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सफाई दी है कि बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में टॉस के समय पारंपरिक तौर पर हाथ न मिलाना अनजाने में हुआ था। यह 'ध्यान भटकने की वजह से' हुआ। हालांकि, मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों ने दूसरे से हैंडशेक किया।

दरअसल, शनिवार को नियमित कप्तान अजीजुल हकीम के स्थान पर उप-कप्तान जवाद अबरार ने टॉस में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने भारतीय कप्तान आयुष महात्रे से हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद सोशल मीडिया में पर हल्ला मच गया। बांग्लादेश के खिलाफ आवाजें उठने लगीं।

नियमित कप्तान हुआ बिमार

अब इस मामले पर बीसीबी ने अपने बयान में कहा, 'बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के अपने शुरुआती मैच से पहले टॉस के समय हुई एक अनजाने और अनुचित कार्रवाई पर गौर किया है, जो बांग्लादेश और भारत के बीच हुआ था। बीमारी के कारण, नियमित कप्तान अजीजुल हकीम टॉस में शामिल नहीं हो सके और उप-कप्तान जावाद अबरार ने इस मौके पर टीम का प्रतिनिधित्व किया।'

खेल भावना कराई गई याद

बोर्ड ने आगे कहा, 'बीसीबी स्पष्ट करना चाहता है कि विपक्षी कप्तान से हाथ न मिलाना पूरी तरह से अनजाने में हुआ था। यह ध्यान भटकने के चलते हुआ। विपक्षी टीम के प्रति किसी भी तरह की असभ्यता या अनादर दिखाने का कोई इरादा नहीं था। बोर्ड ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया है, क्योंकि क्रिकेट की भावना को बनाए रखना और विरोधियों का सम्मान करना किसी भी स्तर पर बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक मूलभूत शर्त है। तुरंत टीम प्रबंधन को इस बारे में सलाह दी गई है।'

पाकिस्तान के साथ नो हैंडशेक की रणनीति

पिछले साल सीनियर मेंस टी20 एशिया कप में भी ऐसी ही स्थिति सामने आई थी। उस समय भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने तीनों मुकाबलों में टॉस के समय हाथ नहीं मिलाया। हालिया घटना बांग्लादेश और भारत के बीच क्रिकेट संबंधों में बढ़ते तनाव के बीच हुई है। कुछ दिनों पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 सीजन के लिए अपनी टीम से रिलीज करने का अनुरोध किया था।

मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाना है। बांग्लादेश, भारत में अपने मैच खेलने से बचना चाहता है। ऐसे में बीसीबी ने आईसीसी से गुहार लगाई है कि उसके मुकाबले भारत के बजाय दूसरे देश में खेले जाएं।

    उमेश कुमार
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article