क्रिकेट

BAN vs WI 1st Test Day 1 Highlights: वेस्टइंडीज के खिलाफ बांग्लादेश की मजबूत शुरुआत,शादमान शतक से एक रन दूर

बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के पहले दिन शादमान इस्लाम की अर्धशतकीय पारी की बदौलत शानदार शुरुआत की है। जानिए पहले दिन के खेल का कैसा रहा हाल?

Image

बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज (फोटो क्रेडिट ICC X)

ढाका: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन बुधवार को बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी समाप्त होने से शतक से एक रन दूर रह गए। शादमान ने 10 चौकों की मदद से नाबाद 99 रन बनाए, जिससे बांग्लादेश ने पहली पारी में तीन विकेट पर 213 रन बना लिए। चोट से उबरकर वापसी कर रहे लिटन दास 10 रन बनाकर उनके साथ क्रीज पर मौजूद थे।

बांग्लादेश ने किया पहले बल्लेबाजी का फैसला

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांटो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसे शादमान ने अपनी धैर्यपूर्ण पारी से सही साबित किया। नयी गेंद से गेंदबाजी कर रहे जेडन सील्स और शमर जोसेफ ने सटीक लाइन-लेंथ से बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। सील्स ने तंजीद हसन (सात) को दूसरी स्लिप में कैच कराकर बांग्लादेश को पहला झटका दिया।

इसके बाद शादमान ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर बेवजह शॉट खेलने से बचते हुए मोमिनुल हक के साथ पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़े। बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन ने मोमिनुल को 28 रन पर मिड ऑफ में कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद उन्होंने कप्तान शांटो को 19 रन पर पगबाधा आउट कराया।

शादमान ने जड़ा 10वां टेस्ट अर्धशतक

इस बीच शादमान ने एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का 10वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथा अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्हें तौहीद हृदय का अच्छा साथ मिला। तौहीद चार महीने पहले हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पदार्पण करने के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेल रहे थे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 88 रन की नाबाद साझेदारी की।

शतक से एक रन दूर शादमान, खराब रोशनी के कारण खत्म हुआ खेल

उमस भरे मौसम में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण तौहिद को मैदान छोड़ना पड़ा। वह 42 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए। शादमान जब 96 रन पर थे, तब खराब रोशनी के कारण करीब 30 मिनट तक खेल रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने पर वह अपने तीसरे टेस्ट शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन खराब रोशनी ने दिन का खेल समय से पहले खत्म करा दिया और वह 99 रन पर नाबाद रह गए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article