शहर

दिल्ली में दिलजीत का Live कॉन्सर्ट, कई रूटों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन; घर से निकलने से पहले देखें एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, कॉन्सर्ट के मद्देनजर स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है। लिहाजा, लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

Image

दिलजीत के कॉन्सर्ट से दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट (फोटो-AI)

दिल्ली : दिल्ली में 30 अक्टूबर को पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव करने का प्लान बनाया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम के आसपास दोपहर एक बजे से आधी रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। लिहाजा लोगों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने, मेट्रो का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, कॉन्सर्ट के मद्देनजर स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है। ऐसे में इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। खासकर स्टेडियम के आसपास जाने वाले दर्शकों और रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।

55 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद

दिलजीत दोसांझ के इस कॉन्सर्ट में करीब 55 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यक्रम में 1,500 से 2,000 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए जा सकते हैं। इनकी जिम्मेदारी दर्शकों की कतारें संभालने, प्रवेश द्वारों पर व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की मदद करने की होगी।

शुरुआत में आयोजकों ने करीब 400 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की योजना बनाई थी। हालांकि, भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने की सलाह दी गई।

ये रास्ते रहेंगे प्रभावित

  • भीष्म पितामह मार्ग
  • लोधी रोड
  • लाला लाजपत राय मार्ग (Defence Colony Flyover से सी-गायकवाड़ जंक्शन तक)
  • अरबिंदो मार्ग
  • 4th एवेन्यू रोड
  • CGO कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास के आंतरिक मार्ग
  • बरारपुल फ्लाईट (CGO चौक से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन)
  • सेवा नगर
  • लोधी कॉलोनी के आंतरिक मार्ग

स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक पर रहेगी नजर

कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम के आसपास यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टेडियम के 500 से 700 मीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में लागू होने वाले अंतिम प्रतिबंधों और डायवर्जन की जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करना जरूरी है।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर न जाएं। सार्वजनिक परिवहन, खासकर दिल्ली मेट्रो, का इस्तेमाल करने से ट्रैफिक की परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कॉन्सर्ट को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा पहले से प्लान करें, ताकि उन्हें जाम और रास्तों में बदलाव के कारण परेशानी न हो।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article