शहर

सोनीपत में वक्फ बोर्ड के दो अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, लपेटे में आए एस्टेट ऑफिसर और रेंट क्लर्क

हरियाणा के सोनीपत में ACB जींद की टीम ने वक्फ बोर्ड के एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम, रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर और एक निजी व्यक्ति को तीन लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

Image

सोनीपत वक्फ बोर्ड के दो अधिकारियों समेत तीन आरोपी 3 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

सोनीपत में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में वक्फ बोर्ड के दो अधिकारियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को तीन लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मामला सोनीपत स्थित हरियाणा वक्फ बोर्ड के कार्यालय का है। ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम, रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर और निजी व्यक्ति सलीम के रूप में हुई है।

तीन लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दुकानों की पगड़ी और आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया में कथित तौर पर अधिक रकम वसूली जा रही थी, जबकि रसीद कम राशि की जारी की जा रही थी। शिकायत में इस प्रक्रिया में मिलीभगत की बात भी कही गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की जींद टीम ने कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को तीन लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में 28 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है।

फिलहाल ACB जींद की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कथित रिश्वतखोरी में और कौन लोग शामिल थे और दुकानों के आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया में किस तरह अनियमितताएं की जा रही थीं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article