क्रिकेट

BAN vs PAK 2nd T20 Highlights: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को रोमांचक मैच में हराया, सीरीज पर 2-0 से जमाया कब्जा

Bangladesh vs Pakistan 2nd T20 Highlights: बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भी जीत दर्ज कर ली है। इसी के साथ उन्होंने तीन मैचों की टी20 सीरीज पर कब्जा जमा लिया है और इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज कर लिया है।

Image

बांग्लादेश क्रिकेट टीम (फोटो- BCB X)

Bangladesh vs Pakistan 2nd T20 Highlights: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे मैच में पाकिस्तान को 8 रन से हराकर बांग्लादेश ने सीरीज पर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला मुकाबला भी बांग्लादेश के नाम रहा था, जिसमें मेजबान को 7 विकेट से जीत मिली थी।पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने कप्तान सलमान अली आगा के फैसले को सही साबित किया और 20 ओवर में बांग्लादेश को 133 रनों पर समेट दिया। जाकेर अली ने 48 गेंद पर 55 और महेदी हसन ने 25 गेंद पर 33 रन बनाए।सलमान मिर्जा-अहमद दानियाल-अब्बास अफरीदी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज को 1-1 सफलता मिली।

पाकिस्तान को जीत के लिए 134 रनों का मामूली लक्ष्य मिला था, लेकिन पाकिस्तान टीम 19.2 ओवर में 125 रनों पर सिमट गई और मैच 8 रनों से गंवा दिया। इस हार के साथ ही पाकिस्तान सीरीज भी गंवा बैठी।पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ ने 32 गेंद पर चार चौके और चार छक्के की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। लेकिन, टीम का दूसरा कोई भी बल्लेबाज बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने नहीं टिका। 7 बल्लेबाज दो अंकों तक भी नहीं पहुंच सके।

शोरिफुल इस्लाम ने लिए 3 विकेट

बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा, महेदी हसन और तंजीम हसन शाकिब को 2-2 सफलता मिली। मुस्तफिजुर रहमान और रिशाद हुसैन को 1-1 विकेट मिला। जाकेर अली मैच के श्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए।

बांग्लादेश ने रचा इतिहास

यह पहला मौका है जब पाकिस्तान को टी20 सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 24 जुलाई को खेला जाएगा। बांग्लादेश आखिरी मैच को जीतकर सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ करना चाहेगी। अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान के लिए यह बेहद शर्मनाक स्थिति होगी।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article