ढाका : बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और नाहिद राणा की वापसी हुई है। इन दोनों खिलाड़ियों को अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया था। दोनों खिलाड़ियों को रिपोन मंडल और मोहम्मद सैफुद्दीन की जगह टीम में शामिल किया गया है। राणा ने अबतक अपने करियर में एक टी20आई मैच यूएई के खिलाफ खेला है। वहीं तस्कीन अक्तूबर 2025 में जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में खेलते नजर आए थे। टीम में तेज गेंदबाज अब्दुल गफ्फार सकलैन को भी जगह मिली है। वो कीवी टीम के खिलाफ टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज 17 जून को चट्टोग्राम में होगा। इसी मैदान पर सीरीज के अन्य दो मुकाबले भी 19 और 21 जून को खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया ने भी बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान गुरुवार को कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में भारतीय मूल के ऑलराउंडर निखिल चौधरी को पहली बार टीम में जगह दी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान मिचेल मार्श संभालेंगे जो आईपीएल की वजह से पाकिस्तान दौरे और बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीराज का हिस्सा नहीं थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश टीम:
लिटन दास (कप्तान, विकेटकीपर), परवेज हुसैन, तंजीद हसन, सैफ हसन, शमीम हुसैन, तौहीद हृदोय, नुरुल हसन, महेदी हसन, नसुम अहमद, रिशाद हुसैन, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, अब्दुल गफ्फार सकलैन।
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कोनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरॉन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिश, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम ज़म्पा।
