क्रिकेट

BAN vs NZ 2nd Test Highlights: फिलिप्स बने स्टार, दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को करारी मात दी

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 9, 2023, 06:41 PM IST

BAN (Bangladesh) vs NZ (New Zealand) 2nd Test Highlights: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 4 विकेट से शिकस्त देते हुए सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। ग्लेन फिलिप्स ने इस मुकाबले में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया।

Image

बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट में हराया (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
  • न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को चौथे दिन मात दी
  • फिलिप्स बने मैच के हीरो, सीरीज 1-1 से बराबर

BAN vs NZ 2nd Test Highlights: बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज एजाज पटेल (57 रन देकर छह विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद ग्लेन फिलिप्स और मिचेल सैंटनेर की दबाव में बेहतरीन साझेदारी से न्यूजीलैंड शनिवार को चौथे दिन के खेल के दौरान बांग्लादेश को चार विकेट से शिकस्त देकर दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला को 1-1 से बराबर करने में सफल रहा।

बारिश से प्रभावित इस टेस्ट को जीतने के लिए न्यूजीलैंड को 137 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन टीम 69 रन तक छह विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। पहली पारी में 72 गेंद में 87 रन बनाकर टीम को मुश्किल से उबारने वाले फिलिप्स ने एक बार फिर संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए 48 गेंद में नाबाद 40 रन बनाये। उन्होंने सैंटनर के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। सैंटनर ने 39 गेंद में तीन चौके और एक छक्का की मदद से नाबाद 35 रन बनाये। मैन ऑफ द मैच फिलिप्स ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।

बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने दूसरी पारी में 52 रन देकर तीन जबकि ताइजुल इस्लाम ने 58 रन देकर दो विकेट लिये। शरीफुल इस्लाम को एक सफलता मिली। बांग्लादेश ने पहली पारी में 172 जबकि न्यूजीलैंड ने 180 रन बनाये थे। बांग्लादेश ने पहला मैच 150 रन से जीता था और उसके पास न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार टेस्ट श्रृंखला जीतकर इतिहास रचने का मौका था लेकिन टीम ने दूसरी पारी में लचर बल्लेबाजी से यह मौका गंवा दिया।

लक्ष्य का पीछा करते समय न्यूजीलैंड की शुरुआत भी खराब रही। शरीफुल ने डेवोन कॉनवे (दो) को पगबाधा किया तो वहीं ताइजुल ने केन विलियमसन (11) और मेहदी ने हेनरी निकोल्स (तीन) को आउट किया। एक छोर से सतर्कता से बल्लेबाजी कर रहे टॉम लैथम (26) और डेरिल मिचेल (19) भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। इससे टीम ने 69 रन तक छह विकेट गंवा दिये।

फिलिप्स ने इसके बाद सैंटनर के साथ शानदार साझेदारी कर बांग्लादेश का अभेद किला माने जाने वाले मीरपुर मैदान पर टीम को यादगार जीत दिला दी।

इससे पहले बांग्लादेश ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 38 रन से की। जाकिर ने कप्तान टिम साउदी के खिलाफ दिन के दूसरे ओवर में दो चौके जड़े लेकिन पटेल ने मोमिनुल हक (15) को पगबाधा कर तीसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी को खत्म किया।

पटेल को गेंदबाजी में बाएं हाथ के साथी स्पिनर सैंटनेर (51 रन पर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला। बांग्लादेश की दूसरी पारी में जाकिर हसन ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना कर सके। उन्होंने 86 गेंद में 59 रन की पारी के दौरान छह चौके और एक छक्का लगाया। बांग्लादेश ने इसके बाद 73 रन के अंदर सात विकेट गंवा कर न्यूजीलैंड को श्रृंखला बराबर करने का मौका दिया।

सैंटनेर ने इसके बाद अपने लगातार ओवरों में मुशफिकुर रहीम (नौ) और शहादत हुसैन (चार) को चलता किया जिससे बांग्लादेश की आधी टीम 88 रन तक पवेलियन लौट गयी।

End of Article