बाबर आजम की कप्तानी में पेशावर जाल्मी ने सोमवार को मुल्तान सुल्तान्स को 24 रनों से हराकर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन के अपने छठे मैच में पांचवीं जीत दर्ज की। जल्मी 6 मैचों में पांच जीत, एक 'नो रिजल्ट' और 11 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है।
कुसल मेंडिस ने टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और जाल्मी को मुल्तान सुल्तान्स पर 24 रनों की जीत दिलाने में मदद की। जाल्मी की शुरुआत काफी तेज रही, जिसमें ओपनर्स मोहम्मद हारिस और बाबर आजम ने मिलकर 48 रन जोड़े।
20 गेंद पर बनाए 18 रन
हालांकि, बाबर अपनी लय नहीं पकड़ पाए और 20 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। T20 में बाबर आजम का धीमा स्ट्राइक रेट हाल के दिनों में चर्चा का विषय रहा है और इससे पहले बिग बैश लीग (BBL) में स्टीव स्मिथ द्वारा उन्हें सिंगल देने से मना करना भी क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना था।
बाबर ने दिया जलेबी जैसा जवाब
मैच के बाद, बाबर ने अपने स्ट्राइक रेट से जुड़े सवालों के जवाब दिए। बाबर आजम ने कहा, आपको अलग-अलग नंबरों पर अलग तरह से खेलना होता है। उस समय, किस तरह की पारी खेलनी है, आपको स्कोरबोर्ड पर भी नजर रखनी होती है और स्ट्राइक रेट को लेकर भी काफी हंगामा होता है। मेरा मानना है कि आपको सबसे पहले परिस्थितियों का आकलन करना होता है।
'मुंह उठाकर शॉट नहीं मार सकते'
बाबर ने आगे कहा, आपको यह समझना होगा कि हर दिन विकेट एक जैसा नहीं होता। आप हर दिन एक ही तरीके से नहीं खेल सकते। चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, विरोधी टीम भी अपना होमवर्क करके आती है। आप मुंह उठाकर शॉट नहीं मार सकते। किसी अच्छे दिन चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी। वरना आपको इसके लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।
जाल्मी ने मुल्तान सुल्तान्स को हराया
मैच में पहले खेलते हुए पेशावर जाल्मी ने 20 ओवरों में 196 रन बनाए। जवाब में, मुल्तान सुल्तान्स ने अपने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 172 रन बनाए और 24 रनों से मैच हार गए। यह उनकी इस टूर्नामेंट में दूसरी हार थी।
